दोपहर का खाना करने के बाद कई लोगों को सुस्ती, थकान और नींद महसूस होने लगती है. काम के दौरान एकाग्रता कम हो जाती है और शरीर आराम मांगने लगता है. खासकर ऑफिस में लंबे समय तक बैठे रहने वालों के लिए यह समस्या आम है. दरअसल, रात की नींद की गुणवत्ता, दोपहर के भोजन की मात्रा और खाने में शामिल पोषक तत्व मिलकर यह तय करते हैं कि भोजन के बाद शरीर कितना ऊर्जावान या सुस्त महसूस करेगा.
शरीर में चलता है सोने और जागने का चक्र
वैज्ञानिकों के मुताबिक, शरीर में जागने और सोने का एक तय चक्र चलता रहता है. दिन के शुरुआती हिस्से में जहां जागरूकता ज्यादा रहती है, वहीं दोपहर के आसपास शरीर की सतर्कता में कमी आ जाती है. यही वजह है कि कुछ लोगों को बिना खाना खाए भी दोपहर में सुस्ती महसूस होती है. भोजन इस समय होने वाले बदलाव को महसूस कराता है और इस वजह से दोपहर के खाने के बाद ज्यादा नींद आती है.
जब कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा खाना खा लेता है, तो शरीर को उसे पचाने के लिए कई प्रक्रियाएं तेज करनी पड़ती हैं. ऐसे में खाने के बाद थकान या भारीपन ज्यादा महसूस हो सकता है. बहुत ज्यादा वसा या कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन भी कुछ लोगों में भोजन के बाद सुस्ती से जुड़ा पाया गया है.

Photo Credit: Photo: Canva
खाने के बाद क्यों करता है आराम का मन?
अब सवाल ये उठा है कि खाना पेट में जाते ही शरीर में क्या होता है? जैसे ही खाना पेट में पहुंचता है. शरीर उसे पचाने का काम शुरू कर देता है. इस दौरान खून में शर्करा और दूसरे पोषक तत्वों का स्तर बदलता है. शरीर में कई तरह के संकेत भी बनने लगते हैं, जो भूख, पाचन और जागने की स्थिति से जुड़े होते हैं. इन बदलावों का असर दिमाग की काम करने की गति पर भी पड़ता है. इसी वजह से भोजन के बाद कुछ लोगों को आराम करने का मन करता है. वैज्ञानिकों के मुताबिक खाने के बाद आने वाली नींद किसी एक कारण से नहीं, बल्कि शरीर में एक साथ होने वाले कई बदलावों का नतीजा हो सकती है.
दोपहर के खाने के बाद नींद आने की एक बड़ी वजह रात की खराब या कम नींद भी हो सकती है. जब हम रात में पर्याप्त आराम नहीं करते, तो अगले दिन शरीर में नींद की जरूरत ज्यादा बनी रहती है. ऐसे में दोपहर का वह समय, जब शरीर की चुस्ती पहले से थोड़ी कम होती है, नींद को और बढ़ा सकता है. इसलिए अगर किसी व्यक्ति को रोज दोपहर में बहुत ज्यादा नींद आती है, तो उसे अपनी रात की नींद पर भी ध्यान देना चाहिए.
दोपहर में जरूरत अनुसार खाएं खाना
दोपहर में बहुत ज्यादा खाना खाने के बजाय उतना ही खाना बेहतर है, जितना शरीर को जरूरत हो. खाने में दाल, सब्जियां, साबुत अनाज और प्रोटीन वाली चीजें शामिल करना अच्छा विकल्प है. कभी-कभार खाना खाने के बाद नींद या हल्की सुस्ती आना सामान्य हो सकता है लेकिन अगर रोज बहुत ज्यादा नींद आती है या इसके साथ चक्कर, कमजोरी और बहुत ज्यादा थकान जैसी परेशानी भी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. लगातार दिन में ज्यादा नींद आने के पीछे नींद से जुड़ी परेशानी, खून की कमी, थायरॉयड या शरीर में शर्करा से जुड़ी दिक्कत जैसे कारण भी हो सकते हैं. ऐसी स्थिति में डॉक्टर से जांच और सलाह लेना बेहतर है.
IANS की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: बर्तन धोते समय नल के पीछे की टाइल हो जाती है गंदी? अपनाएं ये आसान हैक, जान लें जरूरी टिप्स
यह भी पढ़ें: टॉक्सिक वर्कप्लेस में हो गए हैं परेशान? जानिए ऑफिस की नेगेटिविटी से बचकर खुद को पॉजिटिव रखने की टिप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं