आजकल के समय में मोटापा तेजी से लोगों को चढ़ रहा है. एक बार मोटापा बढ़ने लगे तो इसे कंट्रोल करना बहुत ही मुश्किल हो जाता है. हालांकि, वजन कम करने के लिए लोग कई तरह के उपाय या अपने लाइफस्टाइल में बदलाव करते हैं, लेकिन वजन घटाने की शुरुआत अक्सर खाने-पीने की आदतों में बदलाव से होती है. हर व्यक्ति के लिए वजन कम करने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन कुछ चीजों को डाइट से हटाने से अच्छा फर्क पड़ सकता है. हाल ही में गुरुग्राम की रहने वाली दीप्ति हर्षणा ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने 11 महीनों में 32 किलो वजन कम किया. उनका वजन 92 किलो से घटकर 60 किलो हो गया.
दीप्ति के अनुसार, उन्होंने अपनी डाइट से 5 आम खाने-पीने की चीजें पूरी तरह बंद कर दीं, जिससे उन्हें वजन घटाने में काफी मदद मिली. इन बदलावों ने उन्हें अपने फिटनेस गोल तक पहुंचने में मदद मिली और उनकी हेल्दी लाइफस्टाइल को बनाए रखना आसान बना दिया. आइए जानते हैं कि दीप्ति ने कौन-सी 5 चीजें खाना बंद किया और इससे उन्हें क्या फायदा हुआ.
मीठी चीजें
दीप्ति ने सबसे पहले कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस और ज्यादा चीनी वाली चीजें पीना बंद कर दिया. ये ड्रिंक्स शरीर में अतिरिक्त कैलोरी बढ़ाते हैं, वजन बढ़ाते हैं और शरीर में पानी रुकने की समस्या पैदा कर सकते हैं. इसके बजाय उन्होंने नींबू पानी, नारियल पानी और ग्रीन टी को पीना शुरू किया.
सफेद ब्रेड
सफेद ब्रेड में रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट होता है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है और शरीर में फैट जमा होने लगता है. इसके बजाय उन्होंने मल्टीग्रेन ब्रेड, होल व्हीट ब्रेड, सॉरडो ब्रेड और ओट्स को अपने डेली रूटीन में शामिल किया.
पैकेट वाले स्नैक्स
चिप्स, नमकीन और अन्य पैकेज्ड स्नैक्स में नमक और कैलोरी की मात्रा अधिक होती है. इससे बार-बार भूख लग सकती है और वजन बढ़ सकता है. इसके बजाय भुना चना, ड्राई फ्रूट्स और मखाना खाना शुरू किया.
तला-भुना फास्ट फूड
दीप्ति ने बर्गर, फ्रेंच फ्राइज और अन्य तले हुए फास्ट फूड खाना बंद कर दिया. इनमें फैट और नमक ज्यादा होता है, जो वजन बढ़ाने का कारण बन सकता है. इनकी जगह घर के बने रैप्स, पनीर टिक्का, चिकन टिक्का और साधारण घर का खाना शुरू किया.
रात में बेवजह स्नैकिंग
रात में बिना भूख के कुछ न कुछ खाते रहने से अतिरिक्त कैलोरी शरीर में चली जाती है. दीप्ति ने इस आदत को भी छोड़ दिया.
दीप्ति ने एक अन्य वीडियो में बताया कि उन्होंने न तो किसी डाइटिशियन की मदद ली और न ही कोई महंगी या फैंसी डाइट फॉलो की. उनका पूरा फिटनेस रूटीन घर का साधारण खाना और रोज 45 मिनट की एक्सरसाइज पर आधारित था. इसी नियमितता और अनुशासन की मदद से उन्होंने 11 महीनों में 32 किलो वजन कम किया.
यह भी पढ़ें:- Gen Z Slang: 'Bussin' का क्या मतलब होता है? जानें आजकल के बच्चे कब इस्तेमाल करते हैं ये शब्द
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं