अधिकतर घरों में एल्युमिनियम फॉयल को इस्तेमाल करने के बाद कूड़ेदान में फेंक दिया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं इस इस्तेमाल की हुई फॉयल को बागवानी में कई कामों के लिए दोबारा यूज किया जा सकता है. हालांकि, एल्युमिनियम फॉयल किसी खाद की तरह काम नहीं करता, लेकिन ये पौधों की सुरक्षा करने और गार्डनिंग के कई काम आसान बनाने में मदद कर सकती है. आइए जानते हैं ऐसे 4 आसान तरीके, जिनसे आप बेकार समझी जाने वाली एल्युमिनियम फॉयल को पौधों के लिए फायदेमंद बना सकते हैं.
धूप पहुंचाने के लिए इस्तेमाल करें
कई इंडोर प्लांट पर्याप्त धूप न मिलने की वजह से सूखना शुरू हो जाते हैं. खासकर सर्दियों के मौसम में या कम रोशनी वाले कमरों में रखे पौधों को पर्याप्त धूप नहीं मिल पाती है. ऐसे में आप एल्युमिनियम फॉयल को गमले के पीछे या नीचे लगा सकते हैं, इससे धूप रिफ्लेक्ट होकर सीधे पौधे की पत्तियों तक पहुंच जाती है. इससे पौधों को बराबर धूप प्राप्त हो सकती है.
कीड़ों को भगाने में मदद
एल्युमिनियम फॉयल की चमक कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है. इसके लिए आप गार्डन में या फिर छोटे-छोटे पौधों के पास फॉयल के टुकड़े रख सकते हैं. इसकी चमक कीड़ों को पौधों के पास आने से रोकने में मदद कर सकती है. हालांकि यह सभी प्रकार के कीड़ों को नहीं भगाती, लेकिन पौधों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों से बचाव के लिए यह एक आसान और उपयोगी उपाय साबित हो सकती है.
डार्क रंग के गमलों पर लपेटें
गर्मियों में डार्क रंग के गमले और कंटेनर धूप की वजह से बहुत ज्यादा गर्म हो जाते हैं. इससे उनमें मौजूद मिट्टी का तापमान भी बढ़ जाता है, जो पौधों की जड़ों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. ऐसे में आप गमले या कंटेनर के बाहर एल्युमिनियम फॉयल लपेट सकते हैं. इससे पौधों की जड़ों ज्यादा गर्मी से बचाने में मदद मिलती है.
पानी डालने के लिए करें इस्तेमाल
हैंगिंग गमलों में पानी देते समय अक्सर पानी फैल जाता है. इस समस्या से बचने के लिए आप यूज्ड एल्युमिनियम फॉयल का इस्तेमाल कर सकते हैं. आप फॉयल को मोड़कर छोटा सा फनल बना सकते हैं, जिसकी मदद से पानी सीधे पौधे की मिट्टी तक पहुंचेगा. पानी देने के बाद फॉयल को फिर से सीधा करके अगली बार इस्तेमाल के लिए रखा जा सकता है.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यह भी पढ़ें: बारिश में पिंपल्स और ऑयली स्किन से हैं परेशान? इन 2 तेल का करें इस्तेमाल, कई समस्याओं से मिलेगा छुटकारा
यह भी पढ़ें: Dark Skin Tone पर किस कलर की Nail Paint अच्छी लगती है? स्टाइलिंग एक्सपर्ट ने बताया हाथ दिखेंगे और सुंदर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं