घर की बालकनी में हरी-भरी मिर्च का पौधा देखना किसे अच्छा नहीं लगता? क्योंकि ताजी और आर्गेनिक हरी मिर्च का स्वाद ही अलग होता है. लेकिन कई बार ऐसा होता है कि मिर्च का पौधा तो लगा लिया, लेकिन उसमें या तो मिर्च आती ही नहीं या फिर फूल आकर तुरंत गिर जाते हैं. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो चिंता न करें.
गार्डनिंग एक्सपर्ट ने मिर्च के पौधे को मिर्च से लादने का एक बेहद आसान और असरदार सीक्रेट बताया है. इस तरीके को अपनाकर आप भी अपने पौधे से ढेर सारी मिर्च पा सकते हैं.
मिर्च के पौधे को लगाने के बाद इन बातों का रखें ध्यान-
एक्सपर्ट के मुताबिक, मिर्च का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले मिट्टी का सही होना बहुत जरूरी है. मिर्च के पौधे के लिए हमेशा ऐसी मिट्टी तैयार करें जिसमें पानी बिल्कुल न रुके. अगर गमले में पानी जमा रहेगा या मिट्टी हमेशा कीचड़ जैसी बनी रहेगी, तो पौधे की जड़ें सड़ जाएंगी और पौधा खराब हो जाएगा.
क्या करें- मिट्टी तैयार करते समय सामान्य बगीचे की मिट्टी में बराबर मात्रा में रेत और गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट मिलाएं, ताकि पानी डालते ही एक्स्ट्रा पानी गमले के नीचे बने छेद से तुरंत बाहर निकल जाए.
पौधा लगाने के 2 हफ्ते बाद डालें यह खास चीज-
अब आते हैं उस खास ट्रिक पर जो आपके पौधे में मिर्च भर देगी. एक्सपर्ट ने बताया कि मिर्च का पौधा लगाने के ठीक 2 हफ्ते बाद पौधे को एक खास पोषण की जरूरत होती है. जब पौधा थोड़ा सेट हो जाए, तब उसमें गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट के साथ एक खास घोल बनाकर डालना चाहिए.
क्या करें- इसके लिए आप थोड़े से पानी में गोबर की सड़ी हुई खाद, अच्छी तरह मिलाकर लिक्विड फर्टिलाइजर तैयार कर लें और इसे पौधे की जड़ों में डालें.
यह खास चीज पौधे को नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व देती है, जिससे पौधे की ग्रोथ बहुत तेजी से बढ़ जाती है.
कीड़ों और फंगस से बचाने के लिए खास हैक्स-
एक्सपर्ट ने एक घरेलू स्प्रे बताया है. इसके लिए 1 लीटर पानी में 20 एमएल कच्चा दूध, 2 ग्राम हल्दी पाउडर और आधा से एक ग्राम हींग अच्छे से मिला लें. दूध पौधे के लिए कैल्शियम और प्रोटीन का काम करता है, जबकि हल्दी और हींग बेहतरीन एंटी-फंगल और एंटी-बैक्टीरियल एजेंट हैं जो कीड़ों को पौधे से दूर रखते हैं. लेकिन इसमें आपको गुड़ का पानी भी मिलाना है.
राख वाला पानी-
मिर्च के पौधे में छोटे-छोटे सफेद फूल आने लगें, तब एक्सपर्ट ने राख के पानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. एक बाल्टी में लकड़ी या कंडे की राख को पानी में घोलकर 24 घंटे के लिए छोड़ दें, फिर उस पानी को छानकर पौधे की जड़ों में दें. इस राख के पानी को आपको एक-एक हफ्ते के अंतर में कुल 2 बार देना है. राख का पानी मिलते ही मिर्च के पौधे के फूल झड़ना बंद हो जाएंगे और वे बहुत तेजी से हरी-भरी मिर्चों में बदलना शुरू हो जाएंगे
ये भी पढ़ें- बेकार समझ कर फटी-पुरानी बेडशीट को फेंकें नहीं, इन 4 तरीकों से घर को दें नया लुक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं