विज्ञापन

घर में है थोड़ा-सा खाली आंगन? मॉनसून में लगा दें ये 8 सब्जियां, हर‍ियाली के साथ म‍िलेंगी घ‍िया-तोरई

बारिश का मौसम कई बेलदार और हरी सब्जियों के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. इसलिए अगर आपके घर के आंगन में जगह है, तो आप कुछ हरी सब्जियां उगा सकते हैं. सही समय पर बीज लगाने से जल्द ही ताजी सब्जियां मिलने लगती हैं.

घर में है थोड़ा-सा खाली आंगन? मॉनसून में लगा दें ये 8 सब्जियां, हर‍ियाली के साथ म‍िलेंगी घ‍िया-तोरई
बरसात में कौन-कौन सी सब्जी लगाई जाती है?

Ghiya kaise ugaye : अगर आपके घर के आंगन में थोड़ी-सी भी खाली जगह है, तो इस मॉनसून वहां ऐसी सब्जियां उगाई जा सकती हैं, जो कुछ ही हफ्तों में आपकी रसोई तक पहुंच सकती है. तो इस मॉनसून वहां सिर्फ फूल-पौधे लगाने तक ही सीमित मत रहिए. थोड़ी-सी मेहनत से आप अपनी छोटी-सी सब्जी बाड़ी तैयार कर सकते हैं. बारिश का मौसम कई बेलदार और हरी सब्जियों के लिए सबसे अच्छा माना जाता है. सही समय पर बीज लगाने और थोड़ी देखभाल करने से कुछ ही हफ्तों में ताजी सब्जियां मिलने लगती हैं. इससे बाजार पर निर्भरता भी कम होगी और परिवार को ताजी सब्जियां भी मिलेंगी. आइए जानते हैं ऐसी 8 सब्जियां, जिन्हें इस मौसम में आसानी से उगाया जा सकता है.

लौकी

अगर आंगन में थोड़ी-सी खुली जगह है, तो लौकी जरूर लगाइए. इसकी बेल तेजी से बढ़ती है. जाली, बांस या रस्सी का सहारा मिलने पर यह अच्छी तरह फैलती है और कुछ ही समय में आपको बाजार से लौकी खरीदने की जरूरत शायद नहीं पड़ेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

तोरई

तोरई की खेती भी मॉनसून में अच्छी होती है. इसकी बेल को ऊपर चढ़ने के लिए सहारा दें. करीब 45 से 50 दिनों में पहली तुड़ाई शुरू हो सकती है. और समय-समय पर तोरई तोड़ने से नई तोरई भी आती रहती है.

करेला

अगर थोड़ी-सी जगह में ज्यादा फायदा चाहते हैं, तो करेला अच्छा विकल्प है. इसकी बेल तेजी से बढ़ती है और बाजार में भी इसकी अच्छी मांग रहती है. सही देखभाल करने पर लंबे समय तक फल मिलते रहते हैं.

भिंडी

भिंडी उन सब्जियों में है, जिन्हें ज्यादा जगह की जरूरत नहीं पड़ती. इसे आंगन के किसी छोटे हिस्से में भी लगाया जा सकता है. थोड़ी सी देखभाल और आप अपने आंगन में उगी भिंडी की सब्जी का स्वाद ले सकेंगे.

खीरा

बारिश के मौसम में खीरा भी अच्छी गति से बढ़ता है. अगर बेल को जाली या मचान का सहारा दिया जाए, तो खीरे की गुणवत्ता भी बेहतर होती है.

कद्दू

कद्दू की बेल थोड़ी ज्यादा फैलती है, इसलिए इसे वहां लगाएं जहां खुली जगह हो. एक बेल से कई कद्दू मिल सकते हैं. कद्दू का साइज अगर बड़ा है तो ये न केवल आपके घर की जरूरत पूरी करेगा, बल्कि पास-पड़ोसियों में भी इसे बांटा जा सकता है.  अगर इसकी बेल को ऊपर चढ़ा दें, तो जगह का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है.

सेम

सेम की बेल भी मॉनसून में तेजी से बढ़ती है. इसे बांस, जाली या तार का सहारा दें. अच्छी देखभाल के साथ यह लंबे समय तक फलियां देती रहती है.

लोबिया

लोबिया कम समय में तैयार होने वाली फसल है. इसकी हरी फलियां खाने में स्वादिष्ट होती हैं और पौधा लगातार फलियां देता रहता है. यह मिट्टी की सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है.

अच्छी पैदावार के लिए इन बातों का रखें ध्यान

सब्जियां लगाने से पहले मिट्टी को अच्छी तरह तैयार करें और उसमें गोबर की खाद या कम्पोस्ट मिला दें. सबसे जरूरी बात यह है कि जमीन में बारिश का पानी लंबे समय तक जमा नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे जड़ें खराब हो सकती हैं. बेल वाली सब्जियों के लिए जाली, बांस या रस्सी का इंतजाम पहले से कर लें. थोड़ी-सी देखभाल के साथ आपका छोटा-सा आंगन पूरे मॉनसून ताजी सब्जियों से भर सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com