गर्मी के मौसम में हमारी अलमारी से जो कपड़ा सबसे पहले बाहर आता है, वो है टी-शर्ट (T-Shirt). चाहे बच्चा हो, जवान हो या बुजुर्ग, टी-शर्ट आज हर किसी की पहली पसंद है. क्योंकि यह इतनी आरामदायक होती है कि लोग इसे सोते-जागते, घूमते-फिरते हर वक्त पहनना पसंद करते हैं.
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसे टी-शर्ट ही क्यों कहते हैं? इसे ए-शर्ट, बी-शर्ट या जेड-शर्ट क्यों नहीं कहते? अगर आप भी उन्हीं लोगों में शामिल हैं, जिन्हें टी-शर्ट का मतलब नहीं पता तो परेशान न हों इस आर्टिकल में जानें टी-शर्ट का इतिहास और इसके नाम के पीछे की कहानी.
टी-शर्ट नाम ही क्यों-
सबसे पहले इसी राज से पर्दा उठाते हैं. आपको बता दें कि टी-शर्ट को टी-शर्ट कहने की सबसे बड़ी और सीधी वजह है इसका शेप यानि आकार. जब आप एक टी-शर्ट को किसी फ्लैट जगह पर सीधा फैलाकर रखते हैं, तो ध्यान से देखिए, इसका आकार अंग्रेजी के बड़े अक्षर T जैसा दिखाई देता है. इसमें जो हिस्सा आपके धड़ को ढकता है वो एक सीधी लाइन बनता है, और दोनों बाजू मिलकर T की ऊपर वाली आड़ी लाइन बनाती हैं. बस, इसी T शेप की वजह से इसका नाम टी-शर्ट पड़ गया.

टी-शर्ट की शुरूआत कैसे हुई. (Image NDTV)
टी-शर्ट का अंडरवियर से लेकर स्टाइल स्टेटमेंट बनने का सफर-
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि आज जो टी-शर्ट फैशन का सबसे बड़ा हिस्सा है, वो कभी लोगों के सामने पहनने के लिए बनाई ही नहीं गई थी. जी हां, शुरुआत में टी-शर्ट को एक अंडरवियर के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था.
मजदूरों के लिए-
19वीं सदी के अंत में, अमेरिका की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूरों और खदानों में काम करने वाले लोगों (Miners) को भारी और गर्म कपड़े पहनने पड़ते थे. गर्मी से बचने के लिए उन्होंने अपने वन-पीस अंडरवियर को बीच से काट दिया. ऊपर का हिस्सा अलग हो गया और नीचे का अलग. यहीं से अनजाने में टी-शर्ट का जन्म हुआ.
अमेरिकी नौसेना (US Navy)-
साल 1913 में अमेरिकी नौसेना ने अपने सैनिकों के लिए इसे ऑफिशियल यूनिफॉर्म का हिस्सा बना दिया. नौसैनिकों को इसे अपनी मुख्य वर्दी के नीचे पहनना होता था. यह सूती (Cotton) कपड़े की होती थी, जो पसीना जल्दी सोखती थी और इसे धोना व सुखाना बहुत आसान था. सैनिक जब काम करते हुए थक जाते या गर्मी लगती, तो वो अपनी भारी यूनिफॉर्म उतारकर सिर्फ इस सफेद टी-शर्ट में आ जाते थे.
हॉलीवुड ने बदला सफर-
टी-शर्ट को अंदर पहने जाने वाले कपड़े से बाहर का फैशन बनाने का श्रेय हॉलीवुड एक्टर्स को जाता है.
साल 1951 में फिल्म A Streetcar Named Desire आई, जिसमें मशहूर एक्टर मार्लन ब्रैंडो (Marlon Brando) ने सफेद रंग की टाइट टी-शर्ट पहनी. उन्हें देखकर लोग दीवाने हो गए. इसके बाद साल 1955 में फिल्म Rebel Without a Cause में जेम्स डीन (James Dean) ने भी टी-शर्ट पहनकर इसे कूल और युवाओं का स्टाइल स्टेटमेंट बना दिया.
टी-शर्ट से जुड़े रोचक फैक्ट्स-
वर्ल्ड रिकॉर्ड- दुनिया में सबसे ज्यादा टी-शर्ट एक के ऊपर एक पहनने का रिकॉर्ड सनत बंदारा के नाम है, जिन्होंने एक साथ 257 टी-शर्ट्स पहनी थीं.
दुनिया की सबसे महंगी टी-शर्ट- दुनिया की सबसे महंगी टी-शर्ट की कीमत करीब 400,000 डॉलर थी. इसमें असली हीरे जड़े हुए हैं.
रिसर्च क्या कहती है?
कपड़ों के इतिहास और उनके सामाजिक प्रभाव पर कई बड़ी रिसर्च हुई हैं. ऐसी ही एक मशहूर रिसर्च 'विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम' द्वारा की गई है. यह रिसर्च बताती है कि कैसे एक साधारण अंडरवियर वक्त के साथ दुनिया का सबसे बड़ा पॉलिटिकल और पर्सनल एक्सप्रेसिव टूल (Outward fashion) बन गया. इस रिसर्च में टी-शर्ट के कमर्शियल और कल्चरल बदलावों को बारीकी से समझाया गया है.
ये भी पढ़ें- महंगी हुई LPG, ऐसे समझें गैस का पूरा गणित, किस चीज में सबसे ज्यादा खर्च होती है गैस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं