Cities Where People Walk The Most: हम सभी को लगता है कि फिटनेस का मतलब बस जिम जाना ही है. आपने कई लोगों को कहते भी सुना होगा कि मोटापा कम करना है या फिट रहना है तो जिम जॉइन कर लोग. हेल्दी और फिट रहने के लिए हम लोग महीनों तक के जिम प्लान और मेंबरशिप भी ले लेते हैं. हालांकि वर्कआउट के लिए एक सही प्लेस होना बहुत जरूरी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया के ऐसे कुछ शहर हैं जहां लोग सबसे ज्यादा पैदल चलते हैं और यही उनका फिटनेस मंत्र है.
क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ शहर बदलने से आपकी फिटनेस बेहतर हो सकती है? हाल ही में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की एक रिसर्च ने इस बात को साबित किया है. इस अध्ययन में 7,400 से ज्यादा लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया और पाया गया कि जो लोग ज्यादा वॉकेबल यानी पैदल चलने के अनुकूल शहरों में रहते हैं, वे रोजाना औसतन 1,100 कदम ज्यादा चलते हैं.
यानी बिना जिम जाए सिर्फ शहर का माहौल ही आपको फिट बना सकता है. यह रिसर्च बताती है कि शहर का डिजाइन जैसे सड़कें, पास में बाजार, पार्क और ऑफिस आपकी एक्टिविटी पर सीधा असर डालते हैं. आसान भाषा में कहें तो अगर आपके आसपास सब कुछ पास है, तो आप ज्यादा चलते हैं और यही आपकी फिटनेस का असली राज बन जाता है.

क्या होता है वॉकेबल सिटी?
वॉकेबल सिटी वह होती है जहां रोजमर्रा की जरूरतें जैसे दुकानें, स्कूल, ऑफिस और पार्क पैदल दूरी पर हों. इसे Walk Score से मापा जाता है, जो 0 से 100 तक होता है.
दुनिया के 6 सबसे ज्यादा चलने वाले शहर | The Worlds 6 Most Walkable Cities
1. US न्यूयॉर्क सिटी
यह शहर पैदल चलने वालों के लिए स्वर्ग माना जाता है. यहां मेट्रो, ऑफिस, कैफे और पार्क सब पास-पास हैं. रिसर्च में भी पाया गया कि यहां शिफ्ट होने वाले लोगों के कदम 5,600 से बढ़कर 7,000 हो गए.
2. पेरिस
पेरिस की संकरी गलियां, कैफे संस्कृति और नजदीकी सुविधाएं लोगों को ज्यादा चलने के लिए प्रेरित करती हैं. इसलिए लोग वहां ज्यादा चलना पसंद करते हैं.
3. टोक्यो
टोक्यो में पब्लिक ट्रांसपोर्ट और कॉम्पैक्ट प्लानिंग के कारण लोग रोज लंबी दूरी पैदल चलते हैं. इसलिए वहां के लोगों की फिटनेस अच्छी मानी जाती है.
4. बार्सिलोना
यहां के सुपरब्लॉक्स (Superblocks) कारों को कम और पैदल चलने वालों को ज्यादा जगह देते हैं. ये एक कारण है कि यहां के लोग ज्यादा पैदल चलते हैं.
5. कोपेनहेगन
कोपेनहेगन में साइकिल और पैदल चलने की संस्कृति बेहद मजबूत है. यहां लोग फिट रहने के लिए जिम से ज्यादा सड़क का इस्तेमाल करते हैं.
6. एम्स्टर्डम
यह शहर नहरों और छोटे रास्तों के कारण पैदल घूमने के लिए बेहद सुविधाजनक है. इसलिए यहां के लोगों की फिटनेस भी बेहतर है.

रिसर्च क्या कहती है?
- वॉकेबल शहर में रहने से रोजाना 1,100 कदम बढ़ जाते हैं.
- यानी लगभग 11 मिनट ज्यादा चलना.
- शहर बदलते ही लोगों की एक्टिविटी में बदलाव देखा गया
- उम्र और जेंडर से फर्क नहीं पड़ा, ज्यादातर लोगों पर असर समान रहा
क्यों जरूरी है शहर का डिजाइन?
आज की लाइफस्टाइल में लोग कम चलते हैं, जिससे मोटापा, हार्ट डिजीज और मानसिक तनाव बढ़ रहा है. अगर शहर इस तरह डिजाइन हों कि लोग पैदल चल सकें, तो बिना एक्स्ट्रा मेहनत के ही हेल्थ बेहतर हो सकती है.
फिट रहने के लिए सिर्फ जिम ही जरूरी नहीं है. आपका शहर, आपकी गली और आपका आसपास का माहौल भी उतना ही जरूरी है. अगर आपके आसपास सब कुछ पास है, तो आप बिना सोचे-समझे ही ज्यादा चलेंगे और यही आपकी फिटनेस का सबसे आसान और सस्ता तरीका बन सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं