Middle Class Holi Celebration: होली सिर्फ रंगों का त्योहार नहीं है, यह रिश्तों को रंगने और खुशियों को बांटने का मौका भी है. लेकिन, हर साल त्योहार आते ही सबसे बड़ा सवाल होता है बजट कैसे संभालें? खासकर मिडिल क्लास परिवारों के लिए, जहां हर खर्च सोच-समझकर किया जाता है. महंगाई के इस दौर में रंग, पिचकारी, मिठाई, गुझिया, नमकीन और छोटी-मोटी पार्टी का खर्च आसानी से 3-4 हजार तक पहुंच सकता है. लेकिन, क्या सच में होली मनाने के लिए इतना खर्च जरूरी है? बिल्कुल नहीं! अगर सही प्लानिंग हो, तो 1000 रुपये में भी शानदार, यादगार और पूरी तरह से कंप्लीट होली सेलिब्रेशन किया जा सकता है. आइए जानते हैं कैसे.
कम बजट में होली का पूरा मजा कैसे लें? | How To Enjoy Holi to the Fullest On a Low Budget?
1. पहले बनाएं स्मार्ट बजट प्लान
1000 रुपये को ऐसे बांटें:
- रंग और पिचकारी - 250 रुपये
- गुझिया और मिठाई - 300 रुपये
- नमकीन और स्नैक्स -200 रुपये
- ठंडाई/शरबत - 150 रुपये
- बाकी इमरजेंसी या सजावट - 100 रुपये
जब पहले से प्लान बना होगा, तो फालतू खर्च से बचेंगे.
2. रंग खरीदते समय रखें ध्यान
ब्रांडेड और बड़े पैकेट लेने की बजाय लोकल मार्केट से हर्बल गुलाल लें. 3-4 बेसिक रंग काफी हैं. 1 अच्छी पिचकारी ही काफी है. ऑनलाइन ऑफर्स देखने से भी सस्ते विकल्प मिल सकते हैं, लेकिन डिलीवरी चार्ज जोड़ना न भूलें.
टिप: सूखे रंग ज्यादा सुरक्षित और किफायती होते हैं. पानी वाले रंग कम लें.

3. गुझिया घर पर बनाएं - सस्ती भी, सेहतमंद भी
बाजार में गुझिया 400-600 रुपये किलो तक मिलती है. लेकिन, घर पर बनाने से खर्च आधा हो जाता है, स्वाद बेहतर मिलता है, परिवार के साथ समय भी मिलता है. मैदा, सूजी, नारियल, चीनी और ड्राई फ्रूट से 250-300 रुपये में बढ़िया गुझिया तैयार हो सकती है. अगर समय कम हो, तो आधा किलो मिठाई बाजार से ले लें और बाकी घर पर स्नैक्स बना लें.
4. ठंडाई और शरबत - महंगी नहीं, देसी स्टाइल
रेडीमेड ठंडाई मिक्स महंगा पड़ सकता है. इसके लिए दूध, चीनी, सौंफ, इलायची रखें या साधारण रूह-अफजा/शरबत. 150 रुपये में 6-8 लोगों के लिए ठंडाई तैयार हो सकती है.
5. होम पार्टी, आउटिंग नहीं
रेस्टोरेंट में होली पार्टी करने से बजट बिगड़ सकता है. इसके बजाय घर पर छोटी होली मिलन रखें, 4-5 करीबी दोस्तों को बुलाएं, म्यूजिक मोबाइल स्पीकर से चलाएं. डांस, मस्ती और फोटो सेशन - फ्री में एंटरटेनमेंट.
6. नए कपड़े जरूरी नहीं
होली पर महंगे नए कपड़े खरीदने की जरूरत नहीं. पुरानी सफेद टी-शर्ट या कुर्ता पहनें.बच्चों के लिए भी पुराने कपड़े ही ठीक हैं. फोटो के लिए रंग ही काफी हैं. अगर खरीदना ही है, तो 200-300 रुपये में सिंपल टी-शर्ट मिल जाती है.
7. सजावट में भी बचत
पुराने दुपट्टे या रंगीन कपड़े से डेकोरेशन, गुब्बारे 30-40 रुपये में, DIY सजावट (पेपर कटिंग), सिंपल और साफ-सुथरी सजावट ज्यादा अच्छी लगती है.
8. नमकीन और स्नैक्स - कम खर्च में ज्यादा मजा
बाजार से बड़े पैकेट लेने की बजाय, 1 पैकेट नमकीन, घर का बना आलू चिप्स, पापड़ फ्राई करें. 200 रुपये में अच्छा स्नैक अरेंजमेंट हो सकता है.
1000 रुपये वाली परफेक्ट होली चेकलिस्ट
- 3-4 रंग
- 1 पिचकारी
- घर की बनी गुझिया
- ठंडाई या शरबत
- सिंपल स्नैक्स
- छोटा होली मिलन
बजट नहीं, प्लानिंग मायने रखती है
मिडिल क्लास की सबसे बड़ी ताकत है समझदारी और संतुलन. 1000 रुपये में भी होली उतनी ही रंगीन हो सकती है, जितनी 5000 रुपये में.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं