झूमर घर की खूबसूरती में चार चांद लगाने का काम करता है. ज्यादातर लोग अपने घर के लिविंग रूम या डाइनिंग रूम में बड़ा सा झूमर लगाना पसंद करते हैं. लेकिन समय के साथ झूमर पर धूल और गंदगी जमने लगती है. इससे उसकी चमक कम हो जाती है और वह पीला या पुराना दिखने लगता है. ऐसे में कई लोग झूमर को साफ करने के लिए महंगे-महंगे क्लीनर खरीदते हैं. लेकिन आप चाहें, तो घर पर ही एक खास स्प्रे बनाकर अपने झूमर को फिर से नया जैसा साफ और चमकदार बना सकते हैं. आइए जानते हैं घर पर अपने पुराने झूमर की सफाई कैसे करें-
चाहिए होंगी ये चीजें-
- झूमर को साफ करने के लिए आपको साफ माइक्रोफाइबर का कपड़ा
- ग्लव्स यानी दस्ताने
- आइसोप्रोपाइल अल्कोहल और
- एक स्प्रे बोतल चाहिए होगी.
- सबसे पहले तो मेन बिजली के बोर्ड से लाइट का कनेक्शन बंद कर दें.
- अब, अगर आपके झूमर के पार्ट्स निकल सकते हैं, तो उन्हें सावधानी से निकालकर नीचे रख लें. ऐसा करने से पहले झूमर की फोटो खींच लें. इससे आपको याद रहेगा कि कौन-सा हिस्सा कहां लगा था और उसे वापस कैसे लगाना है.
- अगर पार्ट्स नहीं निकलते हैं, तो किसी मजबूत सीढ़ी पर खड़े होकर भी झूमर की सफाई की जा सकती है.
- सबसे पहले साफ और सूखे कपड़े की मदद से झूमर की धूल को अच्छी तरह साफ कर लें.
- इसके बाद आपको कांच और क्रिस्टल वाले झूमर को साफ करने के लिए एक स्प्रे तैयार करना है. इसके लिए थोड़े से आइसोप्रोपाइल अल्कोहल में चार गुना पानी मिलाएं और इस घोल को एक स्प्रे बोतल में भर लें.
- आपको बाजार में आइसोप्रोपाइल अल्कोहल आसानी से मिल जाएगी. खासकर कांच की चीजों को साफ करने के लिए आइसोप्रोपाइल अल्कोहल का इस्तेमाल किया जाता है.
- अब, अपने हाथों में ग्लव्स पहनें ताकि आपके हाथों के निशान झूमर पर न लगें.
- तैयार स्प्रे को साफ माइक्रोफाइबर कपड़े पर छिड़कें और फिर धीरे-धीरे झूमर के कांच और क्रिस्टल को साफ करें.
- ध्यान रहे कि आपको कांच या क्रिस्टल पर सीधे स्प्रे नहीं करना है. पहले कपड़े पर स्प्रे करें और फिर इस कपड़े से झूमर की सफाई करें.
- इसके बाद दूसरे साफ और सूखे कपड़े से झूमर को साफ कर लें.
- ऐसा करने से झूमर का पीलापन साफ होगा और झूमर फिर से चमकदार दिखने लगेगा.
- अच्छी तरह सफाई करने के बाद आप वापस इसके पार्ट्स को सावधानी से लगा सकते हैं.
आप साल में कम से कम एक बार इस तरीके से अपने झूमर की सफाई कर सकते हैं. सफाई करने के तुरंत बाद झूमर को न जलाएं. पहले इसे अच्छी तरह सूखने दें. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने झूमर को साफ और चमकदार रख सकते हैं.
यह भी पढ़ें- लेदर की जैकेट को कैसे साफ करें? जानें जैकेट को साफ करने का सबसे सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं