विज्ञापन

IRCTC लेकर आया जापान घूमने का शानदार मौका, 10 दिन में टोक्यो से हिरोशिमा तक की सैर, जानें पूरी डिटेल

भारतीय रेलवे ने दिल्ली से जापान घूमने के लिए 9 रात और 10 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है. यह यात्रा 6 सितंबर को दिल्ली से शुरू होगी. यात्री दिल्ली से टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे और 15 सितंबर को वापस लौटेंगे. जानिए पूरी डिटेल.

IRCTC लेकर आया जापान घूमने का शानदार मौका, 10 दिन में टोक्यो से हिरोशिमा तक की सैर, जानें पूरी डिटेल
दिल्ली से जापान टूर

इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने दिल्ली से जापान घूमने के लिए 9 रात और 10 दिन का शानदार टूर पैकेज (Japan Tour Package) लॉन्च किया है. इस पैकेज के तहत यात्रियों को जापान के प्रसिद्ध शहरों, ऐतिहासिक स्थलों और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का मौका मिलेगा. यह यात्रा 6 सितंबर को दिल्ली से शुरू होगी. टूर के दौरान पर्यटक टोक्यो, हाकोने, हामामात्सु, क्योटो, ओसाका, नारा और हिरोशिमा जैसे जापान के प्रमुख शहरों की सैर करेंगे. यात्री दिल्ली से टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे और 15 सितंबर को वापस लौटेंगे.

दिल्ली से जापान ट्रिप

पैकेज की कीमत ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर प्रति व्यक्ति 3,45,999 रुपये रखी गई है. वहीं, ट्विन शेयरिंग के लिए प्रति व्यक्ति 3,49,999 रुपये खर्च होंगे. अगर कोई यात्री अकेले कमरे में ठहरना चाहता है, तो उसे 4,73,999 रुपये देने होंगे. बच्चों के लिए भी अलग कीमत तय की गई है. 5 से 11 साल के बच्चों के लिए बेड के साथ पैकेज 2,92,499 रुपये का है, जबकि बिना बेड के यह 2,63,999 रुपये में उपलब्ध है.

पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

IRCTC के अनुसार, इस टूर पैकेज में यात्रियों को कई सुविधाएं दी जाएंगी. इसमें दिल्ली से जापान तक आने-जाने की इकोनॉमी क्लास फ्लाइट टिकट, 4-स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था और जापान का टूरिस्ट वीजा शुल्क शामिल है. इसके अलावा यात्रियों को रोजाना नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना भी मिलेगा. एयरपोर्ट से होटल और घूमने की जगहों तक आने-जाने के लिए ट्रांसफर सुविधा उपलब्ध होगी. जापान के प्रमुख पर्यटन स्थलों की सैर एयर-कंडीशन्ड (AC) कोच के जरिए कराई जाएगी. 70 वर्ष से कम उम्र के यात्रियों के लिए ट्रैवल इंश्योरेंस भी पैकेज में शामिल है. इसके साथ ही यात्रा के दौरान जानकारी और मार्गदर्शन के लिए अंग्रेजी बोलने वाला टूर गाइड उपलब्ध रहेगा. इन सभी सुविधाओं के साथ लागू टैक्स भी पैकेज की कीमत में शामिल हैं.

फ्लाइट का शेड्यूल क्या है?

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, पर्यटक ऑल निप्पॉन एयरवेज (ANA) की फ्लाइट से जापान जाएंगे. यह फ्लाइट 6 सितंबर को शाम 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरेगी और अगले दिन सुबह 5:55 बजे टोक्यो के हानेडा एयरपोर्ट पहुंचेगी. वापसी के लिए 15 सितंबर को हानेडा एयरपोर्ट से सुबह 11:10 बजे फ्लाइट रवाना होगी और उसी दिन शाम 4:30 बजे दिल्ली पहुंच जाएगी. हालांकि, IRCTC ने बताया है कि यह फ्लाइट शेड्यूल फिलहाल अनुमानित है और एयरलाइन की परिचालन जरूरतों के अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है. अगर उड़ान के समय में कोई परिवर्तन होता है, तो टूर के कार्यक्रम या घूमने-फिरने के शेड्यूल में भी बदलाव किया जा सकता है. ऐसे बदलावों के लिए IRCTC जिम्मेदार नहीं होगा.

टूर में किन-किन जगहों की सैर कराई जाएगी?

इस 10 दिन के जापान टूर की शुरुआत टोक्यो से होगी, जहां पर्यटक दो रात रुकेंगे. यहां उन्हें असाकुसा मंदिर, नाकामिसे डोरी मार्केट, उएनो पार्क, ओडाइबा और टीमलैब प्लैनेट्स जैसी प्रसिद्ध जगहों को देखने का मौका मिलेगा. यात्रा के दौरान पर्यटकों को माउंट फूजी के फिफ्थ स्टेशन या ओशिनो हक्काई, ओवाकुदानी वैली, हाकोने रोपवे और हाकोने पाइरेट शिप क्रूज की सैर भी कराई जाएगी. इसके अलावा, नागोया के टोयोटा म्यूजियम और SCMAGLEV रेलवे म्यूजियम, क्योटो का अराशियामा बांस वन, किंकाकू-जी मंदिर और फुशिमी इनारी ताइशा, ओसाका कैसल, नारा डियर पार्क और तोदाई-जी मंदिर भी यात्रा में शामिल हैं.

बुकिंग के लिए डिटेल

IRCTC के अनुसार, इस टूर के लिए आवेदन करने वाले यात्रियों के पास वापसी की तारीख से कम से कम 6 महीने तक वैध पासपोर्ट होना चाहिए. बुकिंग के समय पैन कार्ड समेत जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके अलावा जापान का वीजा पाने के लिए यात्रियों को अपनी वित्तीय स्थिति और नौकरी या व्यवसाय से जुड़े दस्तावेज भी देने होंगे.

यह भी पढ़ें:- कम बजट में दोस्तों के साथ वीकेंड को बनाएं यादगार, दिल्ली-NCR के पास घूम आएं ये 5 शानदार जगहें

यह भी पढ़ें:- भीड़-भाड़ से दूर चाहिए सुकून? बेंगलुरु से 3 घंटे की दूरी पर ये 5 जगहें मानसून में दिखती हैं जन्नत जैसी, आप भी बना लें वीकेंड प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Railways, Japan Tour, Japan Tour Package
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com