AC Water Use: गर्मी आते ही AC दिन-रात चलने लगता है और उसके साथ लगातार पानी भी टपकता रहता है. ज्यादातर लोग इस पानी को बेकार समझकर सीधे नाली में बहने देते हैं. लेकिन अगर थोड़ी सी समझदारी दिखाएं, तो यही पानी हर दिन आपके घर के कई काम आसान कर सकता है. इससे पानी की बचत भी होगी और पानी का बिल भी कुछ हद तक कम हो सकता है. बस एक बाल्टी या डिब्बा रखिए और AC से निकलने वाले पानी का सही इस्तेमाल शुरू कर दीजिए. आइए जानते हैं ये पानी किन किन कामों में काम आ सकता है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
AC का पानी आखिर होता क्या है? (What Is AC Water?)
सबसे पहले ये समझ लीजिए कि AC से निकलने वाला पानी कहीं से सप्लाई होकर नहीं आता. जब AC कमरे की गर्म हवा को ठंडा करता है, तो हवा में मौजूद नमी पानी की बूंदों में बदल जाती है. इस प्रोसेस को कंडेंसेशन कह सकते हैं. यही पानी पाइप के जरिए बाहर निकलता है. देखने में ये साफ लगता है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि इसे पी लिया जाए. ये पीने या खाना बनाने के लिए बिल्कुल नहीं है.

AC के पानी का कहां इस्तेमाल करें?
घर के किन कामों में आएगा काम? (Best Ways to Reuse AC Water)
- अगर आपका AC रोज कई घंटे चलता है, तो उससे अच्छी खासी मात्रा में पानी निकल सकता है. इस पानी से आप आराम से घर में पोछा लगा सकते हैं. बालकनी और छत धो सकते हैं या खिड़कियों की सफाई कर सकते हैं. गाड़ी या बाइक धोने में भी ये पानी बढ़िया काम आता है. अगर हर बार ताजे पानी से गाड़ी धोते हैं, तो काफी पानी खर्च होता है. AC का जमा हुआ पानी इस काम के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है.
- टॉयलेट फ्लश में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. रोज फ्लश में काफी पानी खर्च होता है और AC का पानी इस जरूरत को काफी हद तक पूरा कर सकता है.
- अगर घर में मनी प्लांट, स्नेक प्लांट या दूसरे सजावटी पौधे हैं. तो उनमें भी ये पानी डाला जा सकता है. हालांकि जिन पौधों पर फल या सब्जियां लगती हैं. उनमें इसका इस्तेमाल न करना ही बेहतर रहेगा.
इस्तेमाल से पहले ये छोटी छोटी बातें याद रखें (Things to Keep in Mind)
AC का पानी हमेशा साफ बाल्टी या कंटेनर में इकट्ठा करें. इसे कई दिनों तक जमा करके न रखें. अगर पानी में बदबू आने लगे या उसमें गंदगी दिखाई दे, तो उसका इस्तेमाल न करें. सबसे जरूरी बात इस पानी को पीने, खाना बनाने या पालतू जानवरों को पिलाने के लिए बिल्कुल इस्तेमाल न करें.
क्या मैं एसी के पानी से कपड़े धो सकता हूं?
एसी का पानी पीने योग्य नहीं होता है, लेकिन इसका इस्तेमाल कपड़े धोने के लिए किया सकता है. इसके अलावा कार और बाहरी कॉरिडोर वगैरह भी आप एसी के पानी से धो सकते हैं. इससे पारी की वेस्टेज नहीं होगी और एसी से निकलने वाले पानी का बेहतर उपयोग होगा.
यह भी पढ़ें- Dark Skin Tone पर किस कलर की Nail Paint अच्छी लगती है? स्टाइलिंग एक्सपर्ट ने बताया हाथ दिखेंगे और सुंदर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं