विज्ञापन

अमरूद में कीड़े लगने से कैसे बचाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया क्या करने से फल के अंदर नहीं आएगा कीड़ा

कई बार बाहर से बिल्कुल सही दिखने वाला अमरूद काटने पर अंदर से खराब या कीड़े वाला निकलता है. ऐसे में आइए एक्सपर्ट से जानते हैं, अमरूद को कीड़ों से बचाने के लिए क्या किया जा सकता है-

अमरूद में कीड़े लगने से कैसे बचाएं? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया क्या करने से फल के अंदर नहीं आएगा कीड़ा
अमरूद में कीड़े लगने से कैसे रोकें?
(Photo Credit: NDTV)

घर के बगीचे में अमरूद का पेड़ लगा हो और उस पर खूब फल आएं, तो हर किसी को खुशी होती है. लेकिन कई बार पेड़ पर लगे अमरूद बाहर से तो बिल्कुल अच्छे दिखते हैं, पर जैसे ही हम उन्हें काटकर देखते हैं, तो अंदर कीड़े नजर आने लगते हैं. ऐसे में फल खाने लायक नहीं रहता और पूरी मेहनत खराब हो जाती है. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान उपाय करके अमरूद को कीड़ों से बचाया जा सकता है. आइए जानते हैं कैसे- 

अमरूद में कीड़े लगने से कैसे बचाएं?

NDTV संग हुई खास बातचीत के दौरान गार्डनिंग एक्सपर्ट राजकुमार ने बताया, अमरूद में कीड़े लगने की सबसे बड़ी वजह अक्सर फ्रूट फ्लाई होती है. यह कीट अमरूद में अंडे देती है. बाद में इन अंडों से छोटी सुंडी निकलती है, जो फल के अंदर जाकर उसे खराब कर देती है. इससे अमरूद की क्वालिटी के साथ पैदावार पर भी असर पड़ सकता है.

क्या करें?

पेड़ के नीचे गिरे फल तुरंत हटाएं

राजकुमार बताते हैं, अमरूद को कीड़ों से बचाने के लिए सबसे पहले पेड़ के नीचे सफाई रखें. जो अमरूद पेड़ से गिर जाएं, उन्हें वहीं पड़ा न रहने दें. रोज गिरे हुए फलों को उठाकर नष्ट करें या मिट्टी में दबा दें. ऐसा करने से फ्रूट फ्लाई आसपास नहीं आती है, साथ ही नई फ्रूट फ्लाई भी नहीं बनती हैं. 

अमरूद पर जाली वाली थैली लगाएं

जब अमरूद फल बनने लगे, तब उसके ऊपर जालीदार थैली या फ्रूट कवर लगाया जा सकता है. यह बहुत आसान तरीका है. थैली लगाने से फ्रूट फ्लाई सीधे फल तक नहीं पहुंच पाती और उसके अंडे देने की संभावना कम हो जाती है. अगर घर में एक-दो पेड़ हैं तो यह तरीका आसानी से अपनाया जा सकता है.

फ्रूट फ्लाई के लिए ट्रैप लगाएं

फ्रूट फ्लाई को कंट्रोल करने के लिए ट्रैप भी लगाए जाते हैं. आप किसी कृषि विशेषज्ञ की मदद से मिथाइल यूजीनॉल आधारित ट्रैप का इस्तेमाल कर सकते हैं. ये खास तौर पर नर फ्रूट फ्लाई को आकर्षित करने में मदद करता है. 

नीम का स्प्रे भी कर सकते हैं

राजकुमार बताते हैं, फ्रूट फ्लाई से बचाव के लिए आप अमरूद के पेड़ों पर नीम के अर्क या नीम तेल का छिड़काव कर सकते हैं. लेकिन इसे तेज धूप में स्प्रे करने से बचें.

तोड़ने के बाद गर्म पानी में रखें

कटाई के बाद एक्सपर्ट फलों को हॉट वॉटर ट्रीटमेंट देने की सलाह देते हैं. इसके लिए फलों को करीब 48 डिग्री सेल्सियस पानी में 10 मिनट के लिए रखें. इससे फल में मौजूद कुछ अंडों और कीटों को खत्म करने में मदद मिल सकती है. लेकिन इस तरीके में तापमान सही रखना बहुत जरूरी है. ज्यादा गर्म पानी से अमरूद खराब भी हो सकता है.

पेड़ की छंटाई और सफाई रखें

अमरूद के पेड़ की समय-समय पर छंटाई करते रहें. इससे पेड़ के अंदर हवा और धूप अच्छी तरह पहुंचती है. साथ ही बगीचे में सड़े या गिरे हुए फल जमा न होने दें.

इस तरह छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देकर आप अमरूद में कीड़े लगने से बचा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- दाल में घुन लगने से कैसे रोकें? ये एक सस्ती चीज डालने से महीनों तक नहीं होगी खराब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Guava, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com