सर्दी आ गई है और आपने अपने पुराने स्वेटर और कोट निकाल लिए होंगे. अगर आपके स्वेटर और कोट पर रोए आ गए हैं और आप स्वेटर से रोए कैसे हटाएं? यही सोच रहे है, तो परेशान मत होइए. जी हां, अब आपको ऐसा तरीका बता रहे हैं, जहां आप मिनटों में अपने कोट से रोए हटाकर उन्हें नए जैसा बना देंगे. स्वेटर से रोए हटाने के लिए आपको ज्यादा पैसा खर्च करने की जरूरत भी नहीं है. बस कुछ सामान के इस्तेमाल से आपके पुराने स्वेटर से सारे रोए हट जाएंगे. सच तो ये है कि आपको जिन सामान से रोए हटाने हैं, वह आपके घर में ही मौजूद हैं. बस आपको उनको इस्तेमाल करने का तरीका आना चाहिए.

Photo Credit: NDTV
सच तो यह भी है कि लोग इन रोएं की वजह से अपना पसंदीदा स्वेटर पहनना ही बंद कर देते हैं या फिर इन महंगे स्वेटर और कोट को अलमारी में ही बेवजह टांगे रखते हैं. अगर सच में आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो इसके लिए आपको महंगे फैब्रिक शेवर और ड्राई क्लीनिंग पर अब पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. घर में कुछ ही साधारण चीजों से आप थोड़ी देर में रोएं निकाल कर अपने कपड़ों को एकदम नया और चमकदार बना सकते हैं. चलिए जानते हैं रोएं को हटाने का आसान तरीके क्या हैं.
स्वेटर से रोए हटाने के लिए चाहिए यह चीजें
- एक रेगूलर शेविंंग रेजर
- एक प्यूमिक स्टोन
- वेलक्रो स्ट्रिप या डक्ट टेप (पैकिंग टेप)
- बर्तन धोने वाला सूखा स्क्रैच ब्राइट
शेविंग के लिए रेजर हैक: अपने स्वेटर को पहले किसी साफ और स्ट्रेट जगह पर फैला लें. फिर एक हाथ से कपड़ा कसकर पकड़ लें और फिर दूसरे हाथ से शेविंग रेजर से हल्के हाथ से ऊपर से नीचे की तरफ से स्वेटर के रोए साफ करें. ऐसा करने से सारे रोएं हटकर रेजर में आ जाएंगे और आपका कपड़ा एकदम नए जैसा दिखने लगेगा.
डक्ट टेप यूज करें: अगर रोएं बहुत हल्के हैं, तो पैकिंग टेप का इस्तेमाल करें. इसके लिए सबसे पहले डक्ट टेप अपने हाथ में लपेट लें और ध्यान दें चिपकने वाले हिस्से को बाहर रखें. अब इसको स्वेटर पर हल्के से थपथपाएं. फिर आप देखिएगा सारे रोएं और धागे टेप पर चिपक गए है. इस तरह से भी आप स्वेटर से सारे रोए हटा सकते हैं.
प्यूमिक स्टोन से सफाई करें: पैरों की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाले प्यूमिक स्टोन को स्वेटर के रोएंदार हिस्से पर हल्के हाथ से रगड़ें. इससे सारे रोएं रगड़ने से झड़ जाएंगे और स्वेटर बिल्कुल नए जैसा हो जाएगा.
बारीक दांत वाली कंघी लें: स्वेटर को टेबल पर फैला लें और अब बारीक दांत वाली प्लास्टिक कंघी को हल्के दबाव के साथ कपड़े पर चलाते रहें. कपड़े पर उभरे हुए बबल्स कंघी के दांतों में फंस जाएंगे और आसानी से सारे रोएं हट जाएंगे.
भविष्य में रोएं न होने के लिए अपनाएं यह तरीका : रोएं से बचने के लिए गर्म कपड़ों को हमेशा उल्टा करके धोएं. ऊनी कपड़ों को वाशिंग मशीन में न धोएं. इसको हल्के हाथ से लिक्विड डिटर्जेंट में धोना चाहिए. मशीन में धोने के लिए जेंटल या वूलन मोड का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे कपड़ों के बीच रगड़ कम होगी और ज्यादा रोएं नहीं होंगे.
प्रस्तुति: अर्चिता राय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं