Monsoon Gardening : बारिश का मौसम आते ही हरियाली तो बढ़ जाती है, लेकिन कई बार बाजार में हरी सब्जियां महंगी भी हो जाती हैं और उनकी ताजगी को लेकर भी मन में सवाल रहता है. ऐसे में अगर आपके घर में छोटी-सी बालकनी, छत या आंगन है, तो यही सही समय है कुछ ऐसी सब्जियां लगाने का, जो मॉनसून में तेजी से बढ़ती हैं. इन्हें ज्यादा देखभाल की भी जरूरत नहीं पड़ती और कुछ ही हफ्तों में ताजी सब्जियां मिलने लगती हैं. जानिए ऐसी 5 हरी सब्जियों के बारे में, जो बारिश के मौसम में घर पर आसानी से उगाई जा सकती हैं.
1. तोरी
तोरी की बेल बारिश के मौसम में बहुत तेजी से बढ़ती है. इसे किसी बड़े गमले या जमीन में आसानी से लगाया जा सकता है. बस बेल को चढ़ने के लिए सहारा दे दें. कुछ ही दिनों में इसमें फूल और फिर तोरी आने लगती है.
2. लौकी यानि घिया
घिया यानी लौकी की बेल भी मॉनसून में खूब फैलती है. इसे अच्छी धूप और हल्की नमी वाली मिट्टी पसंद होती है. अगर बेल को छत या जाली पर चढ़ा दें, तो कम जगह में भी अच्छी पैदावार मिल सकती है.
3. भिंडी
भिंडी उन सब्जियों में है, जो कम समय में तैयार हो जाती हैं. मॉनसून में इसकी बढ़त अच्छी रहती है. इसे गमले में भी आसानी से उगाया जा सकता है और कुछ हफ्तों बाद ताजी भिंडी तोड़कर इस्तेमाल की जा सकती है.

Add image caption here
4. पालक
अगर आपको पत्तेदार सब्जियां पसंद हैं, तो पालक अच्छा विकल्प है. इसकी फसल जल्दी तैयार हो जाती है और जरूरत के हिसाब से पत्तियां तोड़कर इस्तेमाल की जा सकती हैं. बारिश के मौसम में मिट्टी की नमी इसका बढ़िया साथ देती है.
5. मेथी
मेथी उगाना सबसे आसान माना जाता है. थोड़ी-सी जगह और अच्छी मिट्टी में इसके बीज डाल दीजिए. कुछ ही दिनों में हरी-भरी मेथी तैयार होने लगती है. इसे बार-बार काटकर भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
खास बात ये है कि अगर आपके पास बहुत बड़ा बगीचा नहीं भी है, तो भी इन सब्जियों को उगाया जा सकता है. गमले, ग्रो बैग या पुराने डिब्बों में भी ये सब्जियां आसानी से उगाई जा सकती हैं. इससे आपको ताजी सब्जियां मिलेंगी, बाजार पर निर्भरता कम होगी और घर की हरियाली भी बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें:- बारिश में रोड ट्रिप पर निकलने से पहले गाड़ी में जरूर चेक करें ये 5 चीजें, वरना बीच रास्ते में फंस सकती है जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं