Kiwi Gardening Tips: जब भी घर में किसी को डेंगू या टाइफाइड होता है, तो डॉक्टर सबसे पहले कीवी (Kiwi) खाने की सलाह देते हैं. विटामिन-C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर ये फल प्लेटलेट्स बढ़ाने में बेहद कारगर माना जाता है. लेकिन मार्केट में महंगे दाम सुनकर अक्सर आम आदमी का बजट हिल जाता है और वे इसे खरीदने से बचने लगते हैं. कैसा हो अगर यह महंगा और फायदेमंद फल आपकी अपनी छत पर, आपके किचन गार्डन में उगने लगे. ऐसा मुमकिन है, बस आपको इसे उगाने का सही तरीका पता होना चाहिए. तो चलिए जानते हैं घर गमले में कीवी कैसे उगाएं और किन बातों का ध्यान रखें.
कीवी उगाने का सबसे सही तरीका
अक्सर लोग नर्सरी से कीवी का एक पौधा ले आते हैं और सालों इंतजार करते हैं, लेकिन फल नहीं आते. क्योंकि कद्दू या लौकी की तरह कीवी भी एक बेल वाला पौधा है और इसमें नर (Male) और मादा (Female) पौधे अलग-अलग होते हैं. अगर आप चाहते हैं कि पौधे में फल आएं, तो हमेशा 5 से 6 मादा पौधों के बीच 1 नर पौधा जरूर लगाएं. बिना नर पौधे के परागण (Pollination) नहीं होगा और फल कभी नहीं लगेंगे.
कीवी के पौधे की कीमत कितनी होती है
अगर आप सबसे बेहतरीन वैरायटी का पौधा चाहते हैं, तो शिमला यूनिवर्सिटी में इसके बहुत अच्छे पौधे मिलते हैं, जिनकी कीमत मात्र 200 से 250 रुपए के आसपास होती है. नॉर्मल नर्सरी में इससे थोड़े कम में पौधे आ जाते हैं.
कीवी का पौधा लगाने का बेस्ट टाइम और सही गमला
कीवी लगाने के लिए जुलाई-अगस्त की बारिश का मौसम इसके लिए एकदम परफेक्ट है. आप इसे जनवरी-फरवरी में भी लगा सकते हैं. कीवी की जड़ों को फैलने के लिए जगह चाहिए, इसलिए कम से कम 18 इंच का बड़ा गमला होना चाहिए. कीवी का पौधा हमेशा किसी अच्छी और सर्टिफाइड नर्सरी से हाइब्रिड (ग्राफ्टेड) ही लेना चाहिए, जिसमें जल्दी फल आते हैं. देसी पौधे में फल आने में कम से कम 5 साल लग जाते हैं.
कीवी की मिट्टी कैसे तैयार करें
गमले की मिट्टी एकदम हल्की और भुरभुरी होनी चाहिए, ताकि जड़ों में पानी न रुके. मिट्टी तैयार करते समय सामान्य मिट्टी के साथ थोड़ी धान की भूसी और सूखे पत्तों की खाद (Leaf Compost) मिलाएं. इसमें 500 ग्राम कैल्शियम पाउडर और 250 ग्राम नीम की खली भी डालें. पौधा लगाने के बाद गमले में दो मुट्ठी ऑर्गेनिक फ्रूटिंग फर्टिलाइजर डाल दें और हल्का पानी दे दें.
कीवी के पौधों की देखभाल कैसे करें
1. पहले एक साल तक पौधे को बिल्कुल टेढ़ा न होने दें. गमले में एक मजबूत बांस या नेट लगा दें, ताकि बेल उस पर चढ़ सके और सीधी रहे. मुड़ी हुई बेल की ग्रोथ रुक जाती है.
2. इसमें अक्सर पत्ती मोड़ने वाले कीड़े (Leaf Roller) लग जाते हैं. जैसे ही कोई पत्ती खराब दिखे, उसे तोड़कर फेंक दें और पौधे पर नीम के तेल (Neem Oil) का स्प्रे करें.
3. गर्मियों में मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखें. हर महीने गमले की मिट्टी को हल्का सा खोदकर गुड़ाई करें और उसमें गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट डालें.
4. ज्यादा फल चाहिए, तो बीच-बीच में घर की बची हुई छाछ (Buttermilk) या किचन वेस्ट से बनी खाद भी डाल सकते हैं.
कीवी के पौधे में कब तक फल आते हैं
शुरू के ढाई से तीन साल इस पौधे को आपकी देखभाल की जरूरत होती है. एक बार जब इसमें फल आने शुरू हो जाते हैं, तो ये अगले 50 सालों तक आपको फल दे सकता है. अच्छे से तैयार हुए एक पौधे से आप सालभर में करीब 10 किलो तक कीवी तोड़ सकते हैं. इसके फल अक्टूबर से दिसंबर के बीच पक कर तैयार हो जाते हैं.
यह भी पढ़ें: चंडीगढ़ से करें ज्योतिर्लिंग दर्शन की यात्रा, IRCTC लेकर आया 4 दिन का खास टूर पैकेज, जानें डिटेल्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं