हम रोजमर्रा की जिंदगी में इतने उलझ जाते हैं कि उसी को अपनी पूरी दुनिया मान बैठते हैं, लेकिन कभी-कभी लिया गया एक छोटा-सा ब्रेक हमारी सोच के नए दरवाजे खोल देता है. कुछ ऐसा ही एक्सपीरिएंस आत्री भट्टाचार्या के साथ हुआ. एक फॉरेन ट्रिप ने उनकी सोच और जीवन को देखने का नजरिया पूरी तरह बदल दिया. छुट्टियां बिताकर जब वह वापस लौटीं, तो उनके अंदर एक गहरा बदलाव आ चुका था. उन्होंने महसूस किया कि दुनिया को देखने और समझने का उनका तरीका पहले जैसा नहीं रहा. अपने इस खास अनुभव और उससे मिली सीख को आत्री भट्टाचार्या ने अपने लिंक्डइन अकाउंट पर भी साझा किया है, जहां उन्होंने बताया कि किस तरह एक यात्रा ने उनकी सोच को बदल दिया.
विदेश यात्रा ने बदला नजरिया
महिला ने बताया कि वह सिर्फ घूमने-फिरने के लिए मलेशिया गई थीं, किसी काम या बिजनेस के लिए नहीं. लेकिन इस ट्रिप से लौटते समय उनके साथ सिर्फ अच्छी यादें ही नहीं थीं, बल्कि सोच का एक नया नजरिया, कई नए विचार और यह एहसास भी था कि यात्रा हमें कितनी नई चीजें सीखने और दुनिया को बेहतर ढंग से समझने का मौका देती है.
कैसे बदला नजरिया?
आत्री बताती हैं कि जब आप किसी नए देश की यात्रा करते हैं, तो आप सिर्फ नई जगहें ही नहीं देखते, बल्कि वहां के लोगों के रहने-सहने का तरीका, उनकी संस्कृति और पूरी जीवनशैली को करीब से समझने का मौका भी मिलता है. लोग एक-दूसरे से कैसे जुड़ते हैं, वहां बिजनेस कैसे चलता है, पब्लिक सर्विस कितनी अच्छी हैं और हॉस्पिटैलिटी में छोटी-छोटी बातों का कितना ध्यान रखा जाता है- ये सभी चीजें दुनिया को देखने का आपका नजरिया बदल देती हैं. ऐसी ट्रिप अलग तरह से सोचने के लिए प्रेरित करती हैं और कई बार ऐसे नए विचार भी देती हैं जिनके बारे में आपने पहले कभी सोचा तक नहीं होता.
कैसा रहा महिला का अनुभव?
आत्री ने अपनी लिंक्डइन पोस्ट पर लिखा कि वह फॉरेन ट्रिप पर किसी खास काम के लिए नहीं गई थीं. फिर भी वहां रहते हुए उन्होंने कई ऐसी चीजें देखीं, जिन्होंने उन्हें अपने आसपास के माहौल के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया. उनकी समझने आने लगा कि अलग-अलग कल्चर में लोगों को सर्विस कैसे दी जाती हैं. उन्होंने जाना कि कुछ प्रोडक्ट एक देश में बेहद सफल क्यों होते हैं जबकि दूसरे देश में नहीं, और ऐसी कौन-सी छोटी-छोटी सुविधाएं हैं जो एक जगह आम हैं लेकिन कहीं और बड़ा बदलाव ला सकती हैं. सबसे खास बात यह रही कि उनके ये विचार जानबूझकर नहीं सोचे थे, बल्कि नए माहौल और अलग अनुभवों के बीच रहते हुए वे अपने आप मन में आने लगे.

विदेश यात्रा ने कैसे बदली महिला की सोच?
सोच और व्यक्तित्व पर असर डालती है ट्रिप
महिला ने पोस्ट में आगे लिखा कि यात्रा सिर्फ सुकून पाने या नई जगहों को एक्सप्लोर करने तक सीमित नहीं होती. ट्रैवल अपने आप में एक ऐसा एक्सपीरिएंस है जो आपको नए लाइफस्टाइल से रूबरू कराता है, बड़े सपने देखने की प्रेरणा देता है और कई बार आपके लक्ष्यों को देखने का नजरिया भी बदल देता है. चाहे बात करियर की हो, खुद के डेवलेपमेंट की हो या फिर दुनिया को समझने की, हर यात्रा अपने साथ कुछ न कुछ ऐसा जरूर छोड़ जाती है जो आपको पहले से बेहतर बना देती है. यही वजह है कि घूमने-फिरने का एक्सपीरिएंस केवल यादों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि हमारी सोच और व्यक्तित्व पर भी गहरा असर छोड़ जाता है.
आत्री ने अपनी पोस्ट में आखिर में लिखा कि कई बार जीवन के सबसे बेहतरीन विचार तब आते हैं, जब हम उन्हें ढूंढ़ने की कोशिश भी नहीं कर रहे होते. इसके अलावा कई बार सिर्फ किसी नई जगह पर जाना ही इतना काफी होता है कि हमें एहसास हो जाए कि सीखने, समझने और खोजने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है.
यह भी पढ़ें: महापुरुष नहीं, यहां एक पेड़ की बनी है समाधि... उत्तराखंड की इस अनोखी जगह को देखने उमड़ते हैं पर्यटक
यह भी पढ़ें: Weekend Bike Trip: पहाड़, जंगल और सुकून... दिल्ली से कुछ घंटों की दूरी पर छिपा है ये खूबसूरत हिल स्टेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं