अगर कोई आपसे नोएडा के बारे में पूछे, तो शायद सबसे पहले ऊंची-ऊंची इमारतें, चौड़ी सड़कें, कॉर्पोरेट ऑफिस और बड़े-बड़े मॉल ही दिमाग में आएंगे. सालों से इस शहर की पहचान कुछ ऐसी ही रही है. लेकिन सच यह है कि नोएडा की कहानी सिर्फ ऑफिस जाने और वीकेंड पर मॉल घूमने तक सीमित नहीं है.
यहां ऐसी कई जगहें भी हैं जो शहर का बिल्कुल अलग चेहरा दिखाती हैं. कहीं पक्षियों की चहचहाहट सुनाई देती है तो कहीं जंगल जैसा माहौल मिलता है. कहीं सड़क किनारे बाजारों की रौनक है तो कहीं सुकून और आध्यात्मिक माहौल. जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने की तैयारियों के बीच नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र एक बार फिर चर्चा में हैं. माना जा रहा है कि एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ सकती है.
ऐसे में अगर आप नोएडा को सिर्फ कंक्रीट का शहर मानते हैं, तो शायद अब अपनी राय बदलने का समय आ गया है. आइए जानते हैं नोएडा की उन कमाल की जगहों के बारे में, जहां पहुंचकर शायद आपको यकीन ही न हो कि आप उसी शहर में हैं जिसे लोग सिर्फ कॉर्पोरेट हब के तौर पर जानते हैं.
जंगल ट्रेल पार्कः कचरे से बना जंगल

Walk Through Noida's Waste-To-Wonder Jungle Park
नोएडा के सेक्टर 94 में बना जंगल ट्रेल पार्क अपने आप में यूनिक है. यहां आपको असली जानवर नहीं दिखेंगे, लेकिन लोहे के कबाड़, मशीनों के पुराने हिस्सों और दूसरे बेकार सामान से बनाए गए विशाल जानवरों के मॉडल जरूर चौंका सकते हैं. शाम के समय रोशनी होने के बाद यह जगह और भी आकर्षक लगने लगती है. यही वजह है कि परिवार और युवा बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं.
ओखला बर्ड सेंचुरीः शहर के बीचों-बीच पक्षियों की दुनिया

Spend A Quiet Morning At Okhla Bird Sanctuary
एडा का नाम सुनते ही शायद बर्ड वॉचिंग का ख्याल न आए, लेकिन ओखला बर्ड सेंचुरी इस सोच को बदल देती है. यमुना किनारे फैली यह जगह खासकर सर्दियों में और खूबसूरत हो जाती है, जब दूर-दूर से प्रवासी पक्षी यहां पहुंचते हैं. सुबह की सैर, फोटोग्राफी और कुछ घंटों के लिए शहर की भागदौड़ से दूर रहने वालों के लिए यह शानदार जगह मानी जाती है.
इस्कॉन नोएडाः भागदौड़ के बीच सुकून तलाशना हो तो यहां जाएं
एक तरफ एक्सप्रेसवे और ऊंची इमारतें हैं, तो दूसरी तरफ इस्कॉन नोएडा जैसा शांत माहौल भी मौजूद है. यहां पहुंचकर शहर का शोर पीछे छूट जाता है. शाम की आरती, भक्ति संगीत और मंदिर का शांत वातावरण लोगों को कुछ समय के लिए रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर ले जाता है. यही वजह है कि यहां सिर्फ श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि सुकून तलाशने वाले लोग भी पहुंचते हैं.
बुद्ध इंटरनेशनल सर्किटः नोएडा का हाई-एनर्जी वाला चेहरा
अगर आपको बड़े इवेंट्स, म्यूजिक शो या मोटरस्पोर्ट्स पसंद हैं, तो बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट और उसके आसपास का इलाका आपके लिए खास हो सकता है. पिछले कुछ सालों में यहां कई बड़े कार्यक्रम, रेसिंग इवेंट और म्यूजिक फेस्टिवल आयोजित किए गए हैं. जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद इस इलाके में ऐसे आयोजनों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.
अट्टा मार्केट का अपना अलग ही मजा
अगर आपको बाजारों की रौनक पसंद है, तो सेक्टर 18 और अट्टा मार्केट जरूर पसंद आएंगे. यहां कपड़ों से लेकर खाने-पीने तक की ढेरों चीजें मिल जाती हैं. शाम होते-होते पूरा इलाका लोगों से भर जाता है. सड़क किनारे मिलने वाले स्नैक्स, छोटी-बड़ी दुकानें और लगातार बनी रहने वाली चहल-पहल इस इलाके को खास बनाती है.

Explore Atta Market And Sector 18's Energy.
एक समय था जब लोग नोएडा को सिर्फ दिल्ली के पड़ोसी शहर के तौर पर देखते थे. लेकिन अब तस्वीर धीरे-धीरे बदल रही है. प्रकृति, बाजार, आध्यात्मिक जगहें और मनोरंजन के नए विकल्प मिलकर इस शहर को एक अलग पहचान दे रहे हैं. यही वजह है कि आने वाले समय में नोएडा सिर्फ कामकाज का शहर नहीं, बल्कि वीकेंड घूमने की पसंदीदा जगहों में भी शामिल हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं