चेहरे की खूबसूरती बढ़ाने में आइब्रो की अहम भूमिका होती है. घनी और मोटी आइब्रो चेहरे को अच्छा लुक देती हैं. लेकिन कई बार आइब्रो को शेप देने के चक्कर में ये ज्यादा पतली हो जाती हैं या कुछ लोगों की आइब्रो पर पहले से ही कम बाल होते हैं. ऐसे में फिर वे अपनी आइब्रो को मोटा और घना करने के लिए तमाम तरह के आइब्रो सीरम और महंगे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन फिर भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिलता. अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं और अपनी आइब्रो को घना और मोटा बनाना चाहते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. फेमस डर्मेटोलॉजिस्ट नीरा नाथन ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने आइब्रो को घना बनाने का असरदार तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
क्या कहती हैं एक्सपर्ट?डर्मेटोलॉजिस्ट बताती हैं, ज्यादातर लोग आइब्रो को घना दिखाने के लिए जेल और वैक्स का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन इनसे कुछ ज्यादा फायदा नहीं होता है. उल्टा कई बार स्किन में जलन या एलर्जी की परेशानी भी बढ़ जाती है. इसलिए अपनी आइब्रो पर किसी भी तरह के जेल या वैक्स का इस्तेमाल न करें. जेल के सूखने पर बाल हार्ड भी हो जाते हैं, जिससे ये और ज्यादा टूट सकते हैं.
फिर आइब्रो को घना करने के लिए क्या लगाएं?इसके लिए डर्मेटोलॉजिस्ट मिनोक्सिडिल का इस्तेमाल करने की सलाह देती हैं. मिनोक्सिडिल बालों की ग्रोथ बढ़ाने में मदद करता है. ये बालों की जड़ों पर असर करता है, ब्लड वेसल्स को खोलकर हेयर फॉलिकल्स में ब्लड सप्लाई को बढ़ा देता है, जिससे बालों के रोम को मजबूती मिलती है और हेयर ग्रोथ में बढ़ावा होता है.
लेकिन मिनोक्सिडिल का इस्तेमाल बिना एक्सपर्ट की सलाह के न करें. खासकर अगर आपको स्किन से जुड़ी कोई परेशानी है, तो पहले स्किन एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें. इसके बाद आप मिनोक्सिडिल के लिक्विड फॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक साफ मस्कारा ब्रश लें. इसकी मदद से साफ आइब्रो पर बेहद थोड़ी मात्रा में मिनोक्सिडिल लगाएं. आप 2 हफ्ते में एक बार मिनोक्सिडिल लगा सकते हैं.
आइब्रो को सेट करने के लिए क्या लगाएं?डर्मेटोलॉजिस्ट कहती हैं, अगर आप अपनी आइब्रो को केवल सेट करना चाहते हैं, तो इसके लिए जेल या वैक्स की जगह पेट्रोलियम जेली का इस्तेमाल कर सकते हैं. अपनी उंगली पर थोड़ी-सी पेट्रोलियम जेली लें और आइब्रो पर हल्के हाथ से लगाएं. इससे आपकी आइब्रो बिना किसी नुकसान के सेट रहेंगी.
इन बातों का रखें ध्यान- अगर बार-बार थ्रेडिंग की वजह से आइब्रो पतली हो गई हैं, तो थोड़े टाइम के लिए थ्रेडिंग या प्लकिंग करने से बचें.
- आइब्रो पर मिनोक्सिडिल लगाने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें, साथ ही मिनोक्सिडिल का इस्तेमाल सावधानी से करें. ध्यान रखें कि ये आंखों से दूर हो.
- अगर आइब्रो के बाल अचानक झड़ने लगें हैं या एकदम बहुत पतले हो गए हैं, तो कोई भी प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें.
यह भी पढ़ें- दो मुहें बाल कैसे खत्म करें? एक्सपर्ट ने बताया सबसे असरदार तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं