मिस वर्ल्ड 2026 का खिताब डोमिनिकन रिपब्लिक की जोहेरी मोल (Joheirry Mola) ने अपने नाम कर लिया है. वियतनाम में हुए इस खास मुकाबले में दुनिया भर की खूबसूरत और टैलेंटेड कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया. 73वें मिस वर्ल्ड के फिनाले में जोहेरी मोल ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस, कॉन्फिडेंस और जवाबों से जजों को इंप्रेस किया और मिस वर्ल्ड का ताज अपने नाम कर लिया. मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता ओपल सुचाता चुआंगश्री (Opal Suchata Chuangsri) ने उन्हें ताज पहनाया. ओपल ने पिछले साल थाईलैंड के लिए पहली बार यह खिताब जीता था.

स्पेन और मलेशिया ने भी बनाई जगह
फाइनल मुकाबले में स्पेन की एलिजाबेथ रेयनेस (Elisabeth Reynes) पहली रनर-अप रहीं, जबकि मलेशिया की तानुसिया चेट्टी (Taanusiya Chetty) ने दूसरी रनर-अप का स्थान हासिल किया.

मिस वर्ल्ड 2026 में निकिता पोरवाल (Nikita Porwal) ने भारत का प्रतिनिधित्व किया. निकिता टॉप 40 तक पहुंचीं, लेकिन टॉप 20 में अपनी जगह नहीं बना सकीं. मिस इंडिया ऑर्गनाइजेशन ने निकिता के सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रेस, कॉन्फिडेंस और अपने दिल से भारत को दुनिया के बड़े मंच पर पेश किया. उनका टॉप 40 में पहुंचना भी भारत के लिए लगातार पांचवीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में प्लेसमेंट का हिस्सा रहा.
111 कंटेस्टेंट्स ने लिया था हिस्सा
बता दें कि इस साल मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का आयोजन वियतनाम के Nha Trang, Khanh Hoa में हुआ था. इस दौरान कुल 111 कंटेस्टेंट्स ने इसमें हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में कंटेस्टेंट्स को अफ्रीका, अमेरिका एंड कैरेबियन, यूरोप और एशिया एंड ओशिनिया जैसे चार ग्रुप में बांटा गया था. फास्ट-ट्रैक चैलेंज के बाद टॉप 40 चुने गए. इसके बाद मुकाबला टॉप 20, टॉप 12 और फिर टॉप 6 तक पहुंचा.

मिस वर्ल्ड की शुरुआत साल 1951 में ब्रिटेन में Eric Morley ने की थी. इसे दुनिया की सबसे पुरानी अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी प्रतियोगिताओं में गिना जाता है. इस साल फ्रेंच गयाना, एरिट्रिया, मोजाम्बिक, पाकिस्तान और मालदीव के कंटेस्टेंट्स ने पहली बार हिस्सा लिया. अब अगला यानी 74वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता तंजानिया, पूर्वी अफ्रीका में आयोजित की जाएगी.
यह भी पढ़ें- क्या छोटे बच्चे को करवट से सुलाना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें बच्चे के सोने के लिए कौन सी पॉजीशन सबसे अच्छी है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं