Chai Ya Atte Ki Chalni Ko kaise Saaf Karein: रोजाना इस्तेमाल होने वाली चाय और आटे की छलनी कुछ ही दिनों में काली, चिपचिपी और जाम जैसी दिखने लगती है. कई बार हालत इतनी खराब हो जाती है कि इसके छोटे-छोटे छेद भी बंद हो जाते हैं और काम करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में लोग नई छलनी खरीदने की सोचते हैं. लेकिन अगर सही तरीके अपनाए जाएं तो पुरानी छलनी को भी बिल्कुल नई जैसा बनाया जा सकता है. अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको महंगे प्रोडक्ट की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद साधारण चीजों से ही इसे आसानी से साफ किया जा सकता है.
क्यों जल्दी गंदी हो जाती है चाय या आटे की छलनी?
चाय या आटे की छलनी का इस्तेमाल रसोई में बार-बार होता है. चाय छानने से उस पर काले दाग जम जाते हैं. आटा छानने से महीन धूल जाली में फंस जाती है. वहीं दूध या तेल वाली चीजें छानने से उस पर चिकनाई की परत बन जाती है. समय के साथ यही गंदगी सख्त होकर जाली के छेदों को बंद कर देती है.
छलनी साफ करने के लिए आजमाएं ये ट्रिक्स- (Tricks To Clean A Sieve or Tea Strainer)
गर्म पानी और डिटर्जेंट (Hot Water And Detergent)
अगर छलनी ज्यादा गंदी हो गई है तो सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म करें. उसमें थोड़ा डिटर्जेंट डालें. अब छलनी को इसमें 10 से 15 मिनट तक भिगोकर रखें. इसके बाद ब्रश या पुराने टूथब्रश से हल्के हाथ से रगड़ें. गर्म पानी जमी हुई चिकनाई को ढीला कर देता है जिससे सफाई आसान हो जाती है.

यह भी पढ़ें- कम खा रहे हैं फिर भी बढ़ रहा है वजन? शरीर के अंदर छिपे ये 5 कारण हो सकते हैं जिम्मेदार
नींबू और गुनगुना पानी (Lemon And Lukewarm Water)
नींबू एक नेचुरल क्लीनर की तरह काम करता है. गुनगुने पानी में नींबू का रस मिलाकर उसमें छलनी डाल दें. कुछ देर बाद ब्रश से साफ करें. इससे न सिर्फ दाग हटते हैं बल्कि बदबू भी दूर हो जाती है. यह तरीका खासतौर पर चाय के दाग हटाने में मददगार है.
बेकिंग सोडा और सिरका (Baking Soda And Vinegar)
अगर छलनी पर बहुत पुरानी और जमी हुई गंदगी है तो बेकिंग सोडा और सिरका का इस्तेमाल करें. गुनगुने पानी में थोड़ा बेकिंग सोडा और सिरका मिलाएं और छलनी को इसमें डुबो दें. कुछ देर बाद इसे ब्रश से साफ करें. यह तरीका जिद्दी मैल को भी आसानी से ढीला कर देता है.
छलनी को साफ करने के बाद अच्छे से धोकर पूरी तरह सुखाना जरूरी है. गीली छलनी रखने से उसमें दोबारा जल्दी गंदगी जम सकती है. कोशिश करें कि हर इस्तेमाल के बाद इसे हल्का धो लें ताकि जाली में गंदगी जमा ही न हो.
इन आसान तरीकों को अपनाकर आप अपनी पुरानी छलनी को फिर से साफ और इस्तेमाल लायक बना सकते हैं.
Watch Video: अस्थमा को ठीक कैसे करें? डॉक्टर ने बताया स्टेप बाई स्टेप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं