एक महिला की जिंदगी में शायद ही ऐसा कोई पड़ाव होता है, जहां उसे लोगों की राय और जजमेंट का सामना न करना पड़े. अगर कोई महिला मां नहीं बन पाती, तो उसे ताने सुनने पड़ते हैं. फिर प्रेग्नेंसी के दौरान बेबी बंप को लेकर कमेंट्स होते हैं कि ज्यादा बड़ा है या छोटा. वहीं, डिलीवरी के बाद वजन बढ़ जाए तो बॉडी-शेमिंग शुरू हो जाती है. फिर ऐसे में अगर महिला जल्दी फिट दिखने लगे, तो उसकी प्रेग्नेंसी पर ही सवाल उठाए जाने लगते हैं. दरअसल, हाल ही में कटरीना कैफ की तस्वीरों पर हुई बॉडी-शेमिंग ने एक बार फिर इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है.
कैटरीना कैफ को किया गया ट्रोल
दरअसल अभिनेत्री कैटरीना कैफ नवंबर 2025 में बेटे विहान के जन्म के बाद काफी समय तक लाइमलाइट से दूर थीं. एक्ट्रेस 26 अगस्त 2026 को मुंबई में एक अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंची थीं, जहां पैप्स ने उन्हें कवर किया था. अभिनेत्री के बढ़े हुए वजन (प्रेग्नेंसी के बाद के बदलाव) को लेकर ट्रोल किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर उनके वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद कुछ ट्रोल्स ने उनके बदले हुए लुक और वजन को लेकर असंवेदनशील और भद्दे कमेंट्स किए. हालांकि, कैटरीना के तमाम फैंस ने ट्रोल्स को करारा जवाब दिया और उनका बचाव करते हुए कहा कि मां बनने के बाद शरीर में शारीरिक बदलाव होना बेहद सामान्य और प्राकृतिक प्रक्रिया है.

मां बनने के बाद बदलता है शरीर, लेकिन नहीं बदलती लोगों की सोच
प्रेग्नेंसी और बच्चे के जन्म के बाद महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव आना बिल्कुल आम बात है. हार्मोन में बदलाव, वजन बढ़ना या घटना, थकान और सूजन जैसी समस्याएं इसका हिस्सा हैं. साथ ही हर महिला की रिकवरी अलग होती है और सामान्य स्थिति में लौटने में कई महीनों या उससे भी ज्यादा समय लग सकता है. लेकिन समाज अक्सर इन बदलावों को स्वीकार करने के बजाय महिलाओं को जज करना शुरू कर देता है.
प्रेग्नेंसी के दौरान बेबी बंप को लेकर कमेंट्स किए जाते हैं और बच्चे के जन्म के बााद उनसे तुरंत पहले जैसा फिट दिखने की उम्मीद की जाती है. वहीं, जो महिलाएं मां नहीं बन पातीं, उन्हें भी तानों का सामना करना पड़ता है. यानी महिलाओं को चाहे किसी भी स्थिति में हों, उनके शरीर और उनके फैसलों को लेकर लगातार परखा जाता है.
इन एक्ट्रेस को भी किया गया ट्रोल
ऐश्वर्या राय बच्चन

ऐश्वर्या राय बच्चन को अपनी बेटी के जन्म के बाद बढ़े हुए वजन को लेकर काफी ट्रोलिंग और कमेंट्स का सामना करना पड़ा था. मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके बदले हुए फिजिकल अपीयरेंस को लेकर लगातार टिप्पणियां की गईंं. बाद में उन्होंने इस बारे में खुलकर बात करते हुए कहा कि उन्होंने लंबे समय तक लोगों के जजमेंट और आलोचनाओं का सामना किया, लेकिन समय के साथ उन्होंने इन बातों को हैंडल करना सीख लिया.
किम कार्दशियन

किम कार्दशियन ने बताया कि पहली प्रेग्नेंसी के दौरान और बच्चे के जन्म के बाद बढ़े हुए वजन को लेकर उन्हें काफी बॉडी-शेमिंग का सामना करना पड़ा. सी मैगजीन को किम ने बताया कि ये उनके बस में नहीं था, लेकिन लोग लगातार कहते थे कि वह बहुत ज्यादा खाती हैं. उनके वजन को लेकर तरह-तरह की बातें और अफवाहें फैलाई जाती थीं. किम के मुताबिक, इन सब बातों का उन पर गहरा असर पड़ा, खासकर उस समय जब वह वजन कम करने की कोशिश कर रही थीं. उन्होंने कहा कि लोगों के कमेंट्स ने उनके मूड, कॉन्फिडेंस को प्रभावित कर दिया था.
सेलीन डियोन (Celine Dion)
सेलीन डियोन ने 6 साल से ज्यादा समय के बाद एक बड़े कॉन्सर्ट के जरिए मंच पर वापसी की. इस दौरान वह स्टिफ पर्सन सिंड्रोम (SPS) नाम की एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी से जूझ रही थीं, जिसकी वजह से उनके शरीर और मांसपेशियों पर असर पड़ा. बीमारी के कारण उन्हें अपने कई टूर कैंसिल करने पड़े और कुछ समय के लिए सोशल लाइफ से दूरी बनानी पड़ी. हालांकि, बाद में उन्होंने 2024 में ओलंपिक समारोह में भी परफॉर्म किया.
कीरा नाइटली (Keira Knightley)

2017 में Harper's Bazaar से बातचीत के दौरान कीरा नाइटली ने कहा था कि वो महिलाओं पर डिलीवरी के तुरंत बाद पहले जैसी फिट बॉडी पाने के दबाव को स्वीकार नहीं करतीं, खासकर तब जब वह अपनी बेटी को सकारात्मक बॉडी इमेज के साथ बड़ा करने की कोशिश कर रही थीं. उन्होंने कहा, 'महिलाओं पर यह दबाव बनाया जाता है कि उन्होंने अपनी पुरानी बॉडीी इतनी जल्दी कैसे वापस पा ली. मुझे यह बेहद गलत लगता है. जिस तरह समाज महिलाओं को पहले आदर्श बनाता है और फिर उनकी छोटी-छोटी बातों की आलोचना करता है, वो डराने वाला है. अब जब मैं एक बेटी की मां हूं, तो मैं सोचती हूं कि उसे इस माहौल में कैसे बड़ा किया जाए.'
यह भी पढ़ें: बच्चों को जूस किस उम्र से देना चाहिए? एक्सपर्ट से जानें एक बार में कितना जूस पिलाना है सही
यह भी पढ़ें: बच्चों के लिए घर पर Clay कैसे बनाएं? खेलने में आएगा मजा और रसोई में ही मिल जाएगा सारा सामान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं