विज्ञापन

राजस्थान के इस गांव में सिर कटने और कीलों पर लेटने के दिखते हैं करतब, जानें दिल्ली से कैसे पहुंचें

Rajasthan Famous Fair: राजस्थान के बूंदी जिले का बड़ोदिया गांव घास भैरू महोत्सव के हैरतअंगेज करतबों के लिए मशहूर है. भाई दूज पर लगने वाले इस मेले में कीलों पर लेटने और अनोखे संतुलन के प्रदर्शन देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक पहुंचते हैं.

राजस्थान के इस गांव में सिर कटने और कीलों पर लेटने के दिखते हैं करतब, जानें दिल्ली से कैसे पहुंचें
दिल्ली-NCR से बड़ोदिया गांव कैसे पहुंचें
ndtv

राजस्थान के बूंदी जिले का बड़ोदिया गांव अपनी ऐसी लोक परंपरा के लिए मशहूर है जिसे देखकर लोग हैरान रह जाते हैं. यहां भाई दूज पर घास भैरू महोत्सव आयोजित होता है. इस दौरान कहीं कलाकार कीलों पर लेटते हैं तो कहीं ऐसे करतब दिखाए जाते हैं जिनमें शरीर के हिस्से अलग-अलग नजर आते हैं. कांच के गिलासों पर ट्रैक्टर का संतुलन और सूत के धागे पर बाइक लटकाने जैसे प्रदर्शन भी लोगों का ध्यान खींचते हैं. अगर आप भी इस अनोखे आयोजन को करीब से देखना चाहते हैं तो जानिए दिल्ली-NCR से बड़ोदिया गांव तक पहुंचने का रास्ता और यात्रा से जुड़ी जरूरी बातें.

500 से 600 साल पुरानी बताई जाती है परंपरा

बड़ोदिया के साथ बूंदी जिले के ठीकरदा और सथूर गांवों में भी घास भैरू महोत्सव की धूम रहती है. स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, यह परंपरा करीब 500 से 600 साल पुरानी है. भाई दूज के दिन घास भैरूजी की सवारी निकाली जाती है और बैलों की पूजा होती है. ढोल-मंजीरों, लोकगीतों और झांकियों के बीच गांव का माहौल मेले जैसा हो जाता है. इस आयोजन को देखने के लिए आसपास के इलाकों के अलावा दूर-दराज से भी लोग पहुंचते हैं. इस बार भी विदेशी पर्यटक यहां पहुंचे.

दिल्ली-NCR से बड़ोदिया गांव कैसे पहुंचें

दिल्ली से बड़ोदिया गांव की सड़क यात्रा के लिए पहले बूंदी पहुंचना सुविधाजनक रहेगा. दिल्ली से बूंदी की दूरी रास्ते के हिसाब से करीब 450 से 470 किलोमीटर पड़ती है. आमतौर पर जयपुर और टोंक होते हुए NH-48 और NH-52 के रास्ते बूंदी पहुंचा जा सकता है. इसके बाद बूंदी शहर से बड़ोदिया गांव तक स्थानीय सड़क से जााना होगा. गांव बूंदी से करीब 8 से 10 किलोमीटर के आसपास बताया जाता है. ट्रैफिक और रास्ते की स्थिति के अनुसार, यात्रा में करीब 8 से 10 घंटे या इससे ज्यादा लग सकते हैं.

ट्रेन या फ्लाइट से भी जा सकते हैं

अगर आप पूरी यात्रा सड़क से नहीं करना चाहते तो दिल्ली से बूंदी या कोटा तक ट्रेन का विकल्प देख सकते हैं. कोटा रेलवे स्टेशन से बूंदी करीब 35 से 40 किलोमीटर दूर है. वहां से टैक्सी या बस लेकर बूंदी पहुंचा जा सकता है. हवाई यात्रा के लिए जयपुर एयरपोर्ट एक विकल्प है लेकिन वहां से बूंदी तक सड़क से आगे जााना होगा. राजस्थान पर्यटन विभाग के अनुसार, जयपुर का सांगानेर एयरपोर्ट बूंदी का नजदीकी प्रमुख हवाई अड्डा है.

ये भी पढ़ें- गोवा नहीं, महाराष्ट्र की ये जगह जीत रही लोगों का दिल, 2 घंटे की बोट राइड में दिखेंगे 12 शानदार स्पॉट

जाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

राजस्थान पर्यटन विभाग की जानकारी के अनुसार, बूंदी में घास भैरू महोत्सव की परंपरा खास तौर पर ठीकरदा गांव से भी जुड़ी है. बड़ोदिया, ठीकरदा और सथूर में आयोजन की जगह और कार्यक्रम का समय स्थानीय स्तर पर पता करके ही निकलें. करतब देखने के दौरान सुरक्षित दूूरी बनाए रखें और उन्हें खुद दोहराने की कोशिश न करें. सड़क यात्रा पर निकलने से पहले लाइव मैप, मौसम और वाहन की स्थिति जांच लें. ध्यान रहे, यह मेला भाई दूज के अवसर पर होता है इसलिए अगली यात्रा की योजना उसी तारीख के आसपास बनाएं.

ये भी पढ़ें- केरल में छिपा है प्रकृति का अनोखा वाटर स्लाइड, जहां फ्री में ले सकते हैं एडवेंचर का मजा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan Famous Fair
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com