बच्चों का बर्थडे हो और केक न हो, ऐसा शायद ही कभी होता है. आजकल तो थीम केक का चलन इतना बढ़ गया है कि माता-पिता अपने बच्चों के पसंदीदा कार्टून, गेम या खिलौनों की डिजाइन वाले खास केक ऑर्डर करते हैं. लेकिन महाराष्ट्र के ठाणे से सामने आई एक घटना ने कई परिवारों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. यहां एक 3 साल के बच्चे ने जन्मदिन के केक के साथ अनजाने में लोहे के नुकीले तार निगल लिए.
मामला इतना गंभीर हो गया कि परिवार को 48 घंटे तक डर और चिंता के साए में रहना पड़ा. इस घटना ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या हम केक खरीदते समय उसकी डेकोरेशन पर उतना ध्यान देते हैं, जितना उसके स्वाद और डिजाइन पर देते हैं? कौन सी छोटी लापरवाही बड़ी मुसीबत बन सकती है? आइए जानते हैं.
डेकोरेशन को सिर्फ डेकोरेशन समझकर नजरअंदाज न करें

Photo Credit: Unsplash
आजकल थीम केक पर कार्टून, खिलौने, चॉकलेट मॉडल और दूसरी आकर्षक डेकोरशंस की जाती हैं. कई बार इन्हें खड़ा रखने के लिए अंदर तार, टूथपिक, लकड़ी की स्टिक या दूसरे सपोर्ट लगाए जाते हैं. इसलिए बच्चों को कुछ भी खाने के लिए देने से पहले उसे ध्यान से देख लें.
बेकरी में जरूर पूछें कि क्या-क्या खाने योग्य है
केक लेते समय यह साफ कर लें कि ऊपर लगी कौन-सी चीजें खाने योग्य हैं और कौन-सी सिर्फ डेकोरेशन के लिए लगाई गई हैं. कई बार देखने में चॉकलेट जैसी लगने वाली चीजों के अंदर सपोर्ट मटेरियल छिपा हो सकता है.
केक काटने से पहले ऊपर लगी सजावट हटा दें
केक सर्व करने से पहले उसके ऊपर लगी बड़ी सजावट, मॉडल या शोपीस जैसी चीजों को अलग कर लेना बेहतर रहता है. इससे बच्चों के गलती से कुछ निगल लेने का खतरा कम हो जाता है.
छोटे बच्चों पर खास नजर रखें
छोटे बच्चे अक्सर केक की सजावट को भी खाने की चीज समझ लेते हैं. इसलिए उन्हें केक खाते समय अकेला न छोड़ें और पहले खुद जांच लें कि उनके हिस्से में कोई ऐसी चीज तो नहीं आ गई जो खाने के लिए नहीं है.
सिर्फ डिजाइन नहीं, सुरक्षा को भी प्राथमिकता दें

Photo Credit: Unsplash
कई बार माता-पिता खूबसूरत और अलग दिखने वाले केक पर ज्यादा ध्यान देते हैं. लेकिन केक जितना आकर्षक दिखता है, उतना ही जरूरी यह भी है कि उसमें इस्तेमाल की गई डेकोरेशन पूरी तरह सुरक्षित हो.
घर पहुंचने के बाद एक बार दोबारा चेक करें
केक डिलीवर होने के बाद उसे एक बार ध्यान से देख लेना भी अच्छी आदत हो सकती है. इससे यह पता चल जाता है कि कहीं सजावट के अंदर कोई तार, स्टिक या दूसरी ऐसी चीज तो नहीं लगी है, जो बाद में परेशानी की वजह बन सकती है.

Photo Credit: Unsplash
ठाणे की यह घटना भले ही राहत के साथ खत्म हो गई, लेकिन इसने एक जरूरी चेतावनी जरूर दे दी है. आजकल थीम और कस्टमाइज्ड केक पहले से ज्यादा लोकप्रिय हो रहे हैं, लेकिन उनकी सजावट में इस्तेमाल होने वाली हर चीज खाने योग्य हो, यह जरूरी नहीं है. ऐसे में अगली बार जब आप किसी बच्चे के लिए खास केक ऑर्डर करें, तो सिर्फ उसका डिजाइन और स्वाद ही नहीं, बल्कि उसकी डेकोरेशन को भी ध्यान से चेक कर लें. छोटी सी सावधानी किसी बड़ी परेशानी से बचा सकती है.
ये भी पढ़ें: जबलपुर क्रूज हादसे ने डराया: बच्चों के साथ बोट या क्रूज पर जा रहे हैं तो इन बातों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं