विज्ञापन

रिश्ते में बढ़ गई है दूरियां? Relationship Coach ने बताया ये 8 चीजें करने से फिर लौट सकता है प्यार

डेटिंग और रिलेशनशिप कोच जसकरण सिंह ने 8 ऐसे आसान टिप्स बताए हैं, जो रिश्ते को पहले जैसा खुशहाल बनाने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

रिश्ते में बढ़ गई है दूरियां? Relationship Coach ने बताया ये 8 चीजें करने से फिर लौट सकता है प्यार
टूटते रिश्ते को कैसे बचाएं?
(P.C- NDTV)

कोई भी रिश्ता हमेशा एक जैसा नहीं रहता. शुरुआत में जहां प्यार, अपनापन और खुशी होती है, वहीं समय के साथ छोटी-छोटी बातों पर झगड़े, गलतफहमियां और दूरियां बढ़ना भी आम हो जाता है. कई बार काम का दबाव, एक-दूसरे के लिए समय न निकाल पाना या खुलकर बात न करना भी रिश्ते को कमजोर बना देता है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि रिश्ता खत्म हो गया है. अगर दोनों लोग रिश्ते को बचाना चाहते हैं और थोड़ी-सी कोशिश करने के लिए तैयार हैं, तो बिगड़ते रिश्ते को फिर से मजबूत बनाया जा सकता है. डेटिंग और रिलेशनशिप कोच जसकरण सिंह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में 8 ऐसे आसान टिप्स बताए हैं, जो रिश्ते को पहले जैसा खुशहाल बनाने में मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में- 

नंबर 1- खुलकर बात करें

रिलेशनशिप कोच कहते हैं, अगर रिश्ते में कोई परेशानी है, तो उसे मन में दबाकर रखने की बजाय आराम से बैठकर बात करें. बातचीत करते समय मोबाइल और दूसरी चीजों से ध्यान हटाएं. सामने वाले को दोष दिए बिना खुलकर अपने दिल की बात कहें. कई बार केवल खुलकर बात करने से ही बड़ी से बड़ी समस्या और मनमुटाव सुलझ जाते हैं.

नंबर 2- पहले सुनें, फिर अपनी बात कहें

अक्सर लोग अपनी बात कहने में इतने व्यस्त रहते हैं कि पार्टनर की बात पूरी सुनते ही नहीं. रिश्ते में सिर्फ बोलना ही नहीं, बल्कि सुनना भी बहुत जरूरी होता है. जब आप बिना बीच में टोके अपने पार्टनर की बात सुनेंगे, तो उन्हें महसूस होगा कि आपको उनकी भावनाओं की कद्र है. इससे भरोसा भी बढ़ता है और गलतफहमियां भी कम होती हैं.

नंबर 3- अच्छे पलों को याद करें 

हर रिश्ते की शुरुआत प्यार, भरोसे और अच्छे पलों से होती है. थोड़ा समय निकालकर उन दिनों को याद करें, जब आप पहली बार मिले थे. पुरानी अच्छी यादें रिश्ते में फिर से अपनापन और प्यार लेकर आती हैं.

नंबर 4- एक-दूसरे के लिए समय निकालें

रिश्ता मजबूत रखने के लिए साथ समय बिताना बहुत जरूरी है. आप अपने पार्टनर के साथ मूवी डेट पर जा सकते हैं या ज्यादा समय न हो, तो थोड़ा टाइम निकालकर चाय या कॉफी डेट के लिए चले जाएं. ऐसे छोटे-छोटे पल रिश्ते में फिर से मिठास भर देते हैं. रिलेशनशिप कोच कहते हैं, प्यार सिर्फ महसूस करने की चीज नहीं, बल्कि उसे समय-समय पर निभाना भी पड़ता है.

नंबर 5- रिश्ते के कुछ नियम तय करें

हर रिश्ते में यह साफ होना चाहिए कि कौन-सी बातें सही हैं और कौन-सी नहीं. एक-दूसरे की भावनाओं और पसंद का सम्मान करें. 

नंबर 6- थोड़ा समय खुद के लिए भी रखें

रिलेशनशिप कोच आगे कहते हैं, हेल्दी रिलेशन के लिए हर वक्त साथ रहना भी जरूरी नहीं है. कभी-कभी थोड़ा समय खुद के साथ बिताना भी अच्छा होता है. इससे मन शांत होता है, तनाव कम होता है और रिश्ते को समझने का मौका मिलता है. जब आप खुद खुश रहते हैं, तो रिश्ते में भी खुशी बनी रहती है.

नंबर 6- खुद को बेहतर बनाने की कोशिश करें

रिश्ता सिर्फ सामने वाले के बदलने से नहीं चलता. खुद में भी अच्छे बदलाव लाना जरूरी है. अपनी सेहत का ध्यान रखें, नई चीजें सीखें, कोई हॉबी अपनाएं या अपनी भावनाओं को समझने की कोशिश करें. जब आप खुद बेहतर बनते हैं, तो उसका अच्छा असर रिश्ते पर भी पड़ता है.

नंबर 8- जरूरत पड़े तो मदद लें

इन सब से अलग अगर बार-बार कोशिश करने के बाद भी रिश्ते की परेशानी खत्म नहीं हो रही है, तो किसी रिलेशनशिप काउंसलर या भरोसेमंद दोस्त से सलाह लेने में हिचकिचाएं नहीं. सही समय पर मिली सही सलाह रिश्ते को टूटने से बचा सकती है.

एक्सपर्ट कहते हैं, हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव आते हैं, लेकिन प्यार, भरोसा, सम्मान और खुलकर बातचीत किसी भी रिश्ते को मजबूत बनाए रखते हैं. अगर दोनों लोग एक-दूसरे को समझने और रिश्ते के लिए मेहनत करने को तैयार हों, तो बिगड़ते रिश्ते को भी दोबारा खुशहाल बनाया जा सकता है. 

अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Relationship, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com