विज्ञापन

हर पिता को अपनी बेटी से जरूर करनी चाहिए ये 8 बातें, Parenting Coach ने बताया जिंदगी भर आएंगी काम

फेमस पेरेंटिंग कोच रिद्धि देवराह ने 8 जरूरी बातें बताई हैं, जिन्हें पिता को अपनी बेटियों से जरूर करना चाहिए. आइए जानते हैं इनके बारे में-

हर पिता को अपनी बेटी से जरूर करनी चाहिए ये 8 बातें, Parenting Coach ने बताया जिंदगी भर आएंगी काम
हर पिता को अपनी बेटी से करनी चाहिए ये बातें
(Photo Credit: Freepik)

हर पिता चाहता है कि उसकी बेटी हमेशा खुश रहे, सुरक्षित रहे और अपने पैरों पर खड़ी हो. लेकिन अच्छी परवरिश सिर्फ अच्छी पढ़ाई या अच्छी सुविधाएं देने से पूरी नहीं होती. बच्चों से रोज की गईं कुछ छोटी-छोटी बातें भी उनकी सोच और आत्मविश्वास को मजबूत बनाती हैं. फेमस पेरेंटिंग कोच रिद्धि देवराह ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में ऐसी 8 जरूरी बातें बताई हैं, जो हर पिता को अपनी बेटी से जरूर करनी चाहिए. आइए जानते हैं इनके बारे में-

हर पिता को अपनी बेटी से करनी चाहिए ये बातें

नंबर 1- प्यार के लिए कभी खुद को मत बदलो

अपनी बेटी को हमेशा बताएं कि उसे किसी का प्यार पाने के लिए खुद को बदलने की जरूरत नहीं है. अगर कोई उसे चुप रहने, सब कुछ सहने या अपनी खुशी छोड़ने के लिए कहता है, तो वह सही इंसान नहीं है.

नंबर 2- अपनी पहचान जरूर बनाओ

बेटी को पढ़ाई करने, नई चीजें सीखने और अपने पैरों पर खड़े होने के लिए प्रेरित करें. उसे बताएं कि जब उसके पास अपनी शिक्षा, अपना हुनर और अपनी कमाई होगी, तो वह जिंदगी के बड़े फैसले खुद ले सकेगी.

नंबर 3- 'ना' कहना सिखाएं

बेटी को समझाएं कि अगर कोई बात उसे पसंद नहीं है या वह किसी बात से सहज महसूस नहीं करती, तो वह साफ शब्दों में 'ना' कह सकती है. उसे किसी को अपनी बात समझाने की जरूरत नहीं है. अपनी सुरक्षा और अपनी खुशी सबसे पहले होनी चाहिए.

नंबर 4- लोगों की बातों से ज्यादा उनके व्यवहार को देखो

बेटी को यह भी सिखाएं कि किसी इंसान का असली स्वभाव उसके व्यवहार से पता चलता है. यह जरूरी नहीं कि जो दिखने में अच्छा हो या बहुत सफल हो, वही अच्छा इंसान भी हो. उसके साथ रहकर अगर सम्मान और अपनापन महसूस हो, तभी उस रिश्ते की अहमियत है.

नंबर 5- अच्छे दिल की बनो, लेकिन अपनी सीमा भी तय करो

दूसरों की मदद करना और सबसे प्यार से बात करना अच्छी बात है. लेकिन अगर कोई बार-बार बुरा व्यवहार करे, तो उसे साफ मना करना भी जरूरी है. अपनी इज्जत से कभी समझौता नहीं करना चाहिए.

नंबर 6- मन कहे कुछ गलत है, तो सुनो

बेटी को बताएं कि अगर उसे कभी कोई जगह, कोई इंसान या कोई स्थिति सही नहीं लगे, तो वहां से तुरंत निकल जाएं. किसी भरोसेमंद व्यक्ति को फोन करें और जरूरत पड़ने पर मदद मांगें. अपनी सुरक्षा सबसे ज्यादा जरूरी है.

नंबर 7- दिमाग आपकी सबसे बड़ी ताकत है

बेटी को हमेशा नई चीजें सीखने, किताबें पढ़ने और सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित करें. सुंदरता कुछ समय के लिए लोगों का ध्यान खींच सकती है, लेकिन अच्छी सोच और ज्ञान ही जिंदगी में आगे बढ़ाते हैं.

नंबर 8- किसी के लिए खुद को कभी मत खोना

बेटी को हमेशा याद दिलाएं कि कोई भी रिश्ता उसकी पहचान, उसके सपनों और उसके आत्मसम्मान से बड़ा नहीं है. सही लोग उसे बदलने की कोशिश नहीं करेंगे, बल्कि जैसी वह है, उसी रूप में उसे अपनाएंगे.

पेरेंटिग कोच कहती हैं, पिता और बेटी के बीच होने वाली ऐसी छोटी-छोटी बातें पूरी जिंदगी काम आती हैं. इससे बेटी अपने फैसले खुद लेना सीखती है, मुश्किल समय में मजबूत रहती है और हर रिश्ते में अपनी इज्जत बनाए रखना जानती है. इसलिए हर पिता को अपनी बेटी से समय-समय पर इन जरूरी बातों पर खुलकर बात करनी चाहिए.

यह भी पढ़ें- बच्चा गाली देना सीख जाए तो कैसे सुधारें? Parenting Coach ने बताया कैसे छूटेगी ये आदत
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Parenting Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com