नई दिल्ली: अगर आप बेहतर नौकरी की तलाश में सिर्फ दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु या हैदराबाद जैसे बड़े शहरों का रुख कर रहे हैं तो अब तस्वीर बदल रही है. प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म LinkedIn की नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत के कई नॉन-मेट्रो शहर तेजी से रोजगार के नए केंद्र बनकर उभर रहे हैं. रिपोर्ट में विशाखापत्तनम को लगातार देश का सबसे तेजी से बढ़ता नॉन-मेट्रो जॉब मार्केट बताया गया है.
नॉन-मेट्रो जॉब मार्केट में टॉप 5 शहर
LinkedIn की रिपोर्ट के अनुसार, भारत के सबसे तेजी से बढ़ते नॉन-मेट्रो जॉब मार्केट की सूची में ये टॉप शहर शामिल हैं-
- विशाखापत्तनम
- लुधियाना
- सूरत
- वडोदरा
- प्रयागराज
रिपोर्ट के मुताबिक, ये शहर अब पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यहां तकनीक, वित्तीय सेवाओं, शिक्षा, मैन्युफैक्चरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.
PNB ने ग्रेजुएट्स के लिए निकाली 545 ऑफिसर पदों पर भर्ती, इतनी होगी सैलरी
नौकरी ढूंढ़ना हुआ पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस साल भारत के 72% प्रोफेशनल्स नई नौकरी की तलाश में हैं, जबकि 76% लोगों का मानना है कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े स्किल गैप के कारण नौकरी पाना पहले से अधिक मुश्किल हो गया है. इसके अलावा, 2022 की शुरुआत के मुकाबले अब हर नौकरी के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की संख्या दोगुनी से भी अधिक हो गई है, जिससे प्रतिस्पर्धा और बढ़ गई है.
नौकरी के लिए क्यों बढ़ रहा है छोटे शहरों का महत्व
LinkedIn के अनुसार, छोटे शहर अब सिर्फ अपने पारंपरिक उद्योगों पर निर्भर नहीं हैं. यहां नए क्षेत्रों में तेजी से निवेश हो रहा है, जिनमें शामिल हैं-
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
- डेटा सेंटर
- सूचना प्रौद्योगिकी (IT)
- वित्तीय सेवाएं
- इंफ्रास्ट्रक्चर
- मैन्युफैक्चरिंग
- शिक्षा
इसी वजह से इन शहरों में रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं और स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र के आसपास बेहतर करियर विकल्प मिल रहे हैं.
नौकरी तलाशने वालों को क्या सलाह
LinkedIn की करियर एक्सपर्ट और इंडिया सीनियर मैनेजिंग एडिटर निराजिता बनर्जी का कहना है कि नौकरी तलाशने वालों को सिर्फ महानगरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए. उन्हें यह देखना चाहिए कि किन शहरों और सेक्टरों में कंपनियां निवेश कर रही हैं और उनकी स्किल्स किन नए उद्योगों में उपयोगी हो सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं