उत्तर प्रदेश TET परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है. पिछले कई दिनों से अभ्यर्थी इस रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की आधिकारिक वेबसाइट पर ये रिजल्ट जारी किया गया. इसके लिए जारी एक रिलीज में बताया गया है कि कुल करीब 20 लाख अभ्यर्थियों में से 13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी इस परीक्षा में पास हुए हैं. वहीं यूपी के तमाम स्कूलों में पढ़ा रहे टीचर्स का प्रदर्शन भी शानदार रहा है. कुल 2,68,799 शिक्षकों में से 62,028 टीचर्स परीक्षा पास नहीं कर पाए. यानी 2 लाख से ज्यादा टीचर्स पास हुए हैं. आइए जानते हैं कि प्राइमरी और जूनियर में कुल कितने अभ्यर्थी पास हुए हैं.
टीचर्स पर लटकी थी तलवार
यूपी में पढ़ा रहे लाखों टीचर्स पर नौकरी जाने की तलवार लटकी हुई थी, सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया था कि हर हाल में टीईटी निकालना जरूरी है, ऐसा नहीं करने वाले टीचर्स नौकरी नहीं कर सकते हैं. देशभर में ऐसे टीचर्स की संख्या काफी ज्यादा है, जो बिना टीईटी के भर्ती हुए थे. ऐसे में यूपी में टीईटी परीक्षा देने वाले अब ज्यादातर टीचर्स की नौकरी सेफ हो चुकी है. वहीं बाकी टीचर्स के लिए यूपी सरकार की तरफ से अलग से टीईटी एग्जाम कराने का वादा किया गया है.
कैसा रहा प्राइमरी और जूनियर रिजल्ट?
1. प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5 तक)
- कुल शामिल अभ्यर्थी: 7,13,648
- सफल अभ्यर्थी: 5,71,435 (80.07%)
- सरकारी नौकरी कर रहे शिक्षक: 1,22,405
- पास हुए शिक्षक: 93,387 (76.29%)
2. उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8 तक)
- कुल शामिल अभ्यर्थी: 10,57,021
- सफल अभ्यर्थी: 7,59,513 (71.85%)
- नौकरी कर रहे टीचर्स: 1,46,394
- पास होने वाले कुल टीचर्स: 1,13,384 (77.45%)
टीईटी पास करने के बाद आगे क्या?
यूपी टीईटी पास करने के बाद अब लाखों अभ्यर्थी राज्य में शिक्षक भर्ती के लिए पात्र हो चुके हैं. इसके बाद ये तमाम अभ्यर्थी सुपर टेट में भी शामिल हो सकते हैं, जो सीधे शिक्षक भर्ती है और इससे उन्हें सरकारी नौकरी मिल सकती है. एक बार टीईटी पास करने के बाद ये सर्टिफिकेट लाइफटाइम वैलिड रहता है, इसीलिए 13 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों के लिए ये एक बड़ी राहत की खबर है.
ये भी पढ़ें - UPTET में फेल हुए 62 हजार शिक्षकों की क्या चली जाएगी नौकरी? जानें अब क्या बचे हैं विकल्प
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं