विज्ञापन

37 हजार रुपये महीने से 2.2 करोड़ रुपये तक पहुंचा सैलरी पैकेज, Reddit पोस्ट में इंजीनियर का दावा

2015 में 37 हजार रुपये महीने से नौकरी शुरू करने वाले एक टेक इंजीनियर का पैकेज आज 2 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है. 11 साल के इस सफर में उन्होंने कई बार नौकरी बदली, प्रमोशन पाया, स्टार्टअप शुरू किया और मुश्किल समय में बड़े फैसले भी लिए.

37 हजार रुपये महीने से 2.2 करोड़ रुपये तक पहुंचा सैलरी पैकेज, Reddit पोस्ट में इंजीनियर का दावा
इंजीनियर ने किया कई गुना सैलरी बढ़ने का दावा

कभी महीने की सैलरी सिर्फ 37 हजार रुपये थी और आज पैकेज 2 करोड़ रुपये से ज्यादा है. एक टेक इंजीनियर की 11 साल की ये कहानी सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है. खास बात ये है कि इस शख्स ने किसी बड़े कॉलेज से पढ़ाई नहीं की थी और ना ही उनका परिवार बहुत अमीर था. फिर भी उन्होंने धीरे-धीरे अपने काम और अनुभव के दम पर अपनी कमाई को कई गुना बढ़ाया. उनकी कहानी बताती है कि करियर में हर बार सिर्फ ज्यादा पैसे के पीछे भागना ही जरूरी नहीं होता, सही समय पर सही फैसला लेना भी बहुत मायने रखता है.

37 हजार रुपये से शुरू हुई नौकरी

उन्होंने साल 2015 में एक सर्विस और कंसल्टिंग कंपनी से अपने करियर की शुरुआत की थी. उस समय उन्हें हर महीने 37 हजार रुपये मिलते थे. कंपनी में उन्हें नई चीजें सीखने और काम का अच्छा अनुभव लेने का मौका मिला. करीब चार साल तक काम करने के बाद उनका प्रमोशन हुआ और सैलरी बढ़कर करीब 1.1 लाख रुपये महीना हो गई. इसके बाद उन्हें लगा कि अब आगे बढ़ने के लिए नई नौकरी तलाशनी चाहिए.

2019 में मिला 44 लाख का पैकेज

साल 2019 में उन्होंने एक बड़ी टेक कंपनी जॉइन की. यहां उनका सालाना पैकेज करीब 44 लाख रुपये हो गया. ये उनकी पिछली कमाई से करीब तीन गुना ज्यादा था. इस नौकरी में उन्हें बड़े स्तर पर काम करने का मौका मिला. लेकिन कोरोना के समय काम का दबाव काफी बढ़ गया. इसका असर उनकी सेहत पर भी पड़ा और उन्होंने 2020 में नौकरी छोड़ने का फैसला किया.

Latest and Breaking News on NDTV

50 लाख से 70 लाख तक पहुंची कमाई

नौकरी छोड़ने के कुछ महीनों बाद उन्हें अमेरिका की एक रियल एस्टेट स्टार्टअप से 50 लाख रुपये सालाना का ऑफर मिला. वहां सिर्फ आठ महीने में उनका प्रमोशन हो गया और पैकेज 65 लाख रुपये तक पहुंच गया. साल 2021 के आखिर तक उनकी कमाई करीब 70 लाख रुपये सालाना हो गई.

स्टार्टअप में भी आजमाया हाथ

मई 2022 में उन्होंने खुद एक अलग रास्ता चुना और एक फिनटेक स्टार्टअप में CTO के तौर पर काम शुरू किया. शुरुआत में काम अच्छा चला, लेकिन बाद में लाइसेंस से जुड़ी दिक्कतें आने लगीं. साल 2024 तक उन्हें लगा कि स्टार्टअप को आगे चलाना मुश्किल होगा. इसके बाद उन्होंने फिर नौकरी तलाशनी शुरू कर दी.

अब 2.2 करोड़ रुपये तक पहुंचा पैकेज

अक्टूबर 2024 में उन्हें एक भारतीय स्टार्टअप में 1.2 करोड़ रुपये के पैकेज पर नौकरी मिली. हालांकि कुछ महीनों बाद उन्होंने वहां से भी नौकरी छोड़ दी. फरवरी 2025 में उन्हें एक और बड़ी टेक कंपनी से 1.5 करोड़ रुपये का ऑफर मिला. मार्च 2026 में प्रमोशन के बाद उनका पैकेज 2 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया. शेयर को जोड़ने के बाद उनकी कुल कमाई करीब 2.2 करोड़ रुपये बताई गई. हालांकि, ये जानकारी Reddit पर शेयर की गई पोस्ट पर आधारित है और इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. 

ये भी पढ़ें - 21 की उम्र में एक साथ पाईं 5 सरकारी नौकरियां, कांस्टेबल शुभांगी मिश्रा ने कैसे कर दिखाया यह कमाल?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tech Engeenier, Salary, High Salary
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com