मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए यह खबर किसी बड़ी राहत से कम नहीं है. अब खेल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी भर्ती फिर से शुरू करने का फैसला लिया है. इसके लिए नियमों में संशोधन भी कर दिया है, जिससे खिलाड़ियों के लिए भर्ती प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हो सके.
फिर शुरू होगी सीधी भर्ती प्रक्रिया
राज्य के गृह विभाग ने ‘मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021' में बदलाव कर दिए हैं. 15 जून को इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. नए नियमों के तहत खिलाड़ियों के चयन, पात्रता और मूल्यांकन की प्रक्रिया को पहले से ज्यादा साफ और व्यवस्थित बनाया है. इसका मकसद योग्य खिलाड़ियों को बिना किसी बाधा के मौका देना है.
राज्य में ही मिलेगा रोजगार
अब मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों की ओर रुख करने की जरूरत नहीं होगी. उन्हें यहीं पुलिस विभाग में सीधी भर्ती का मौका मिलेगा. फिलहाल 10 उप निरीक्षक (SI) और 50 आरक्षक (constable) पदों पर भर्ती की जाएगी. यह पहल खिलाड़ियों को सम्मानजनक करियर देने के साथ-साथ उनके खेल को भी जारी रखने में मदद करेगी.
हमारी सरकार ने मध्यप्रदेश पुलिस (उत्कृष्ट खिलाड़ियों की नियुक्ति) नियम, 2021 में महत्वपूर्ण संशोधन कर उत्कृष्ट खिलाड़ियों की पुलिस में सीधी भर्ती की प्रक्रिया पुनः प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त किया है। अब प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपने ही प्रदेश में सम्मानजनक रोजगार के साथ खेल…
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) June 16, 2026
हर साल होगी भर्ती
सरकार ने यह भी तय किया है कि खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया नियमित रूप से हर साल आयोजित की जाएगी. इससे खिलाड़ियों को लगातार अवसर मिलेंगे और यह व्यवस्था स्थायी रूप ले पाएगी. इसे राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
नए नियमों के तहत मिलेगी छूट
नए नियमों के तहत उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कई तरह की छूट दी गई है. उन्हें शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड जैसे ऊंचाई में राहत मिलेगी. साथ ही, उन्हें लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट (PET) से भी छूट दी जाएगी. इससे खिलाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव कम होगा और वे अपने खेल पर फोकस कर सकेंगे.
कौन बन सकेगा उप निरीक्षक?
उप निरीक्षक पद के लिए वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल या विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया हो. इन प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले और भागीदारी करने वाले दोनों तरह के खिलाड़ियों को मौका मिलेगा.
आरक्षक बनने के लिए ये योग्यता जरूरी
आरक्षक पद के लिए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे. राष्ट्रीय खेलों या मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ी इसके पात्र होंगे. खास बात यह है कि जो खिलाड़ी उप निरीक्षक के लिए पात्र हैं, वे स्वतः ही आरक्षक पद के लिए भी योग्य माने जाएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं