मध्य प्रदेश पुलिस को करीब आठ साल बाद उप निरीक्षक (एसआई) और सूबेदार संवर्ग में नई ताकत मिलने जा रही है. कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है, जिसके तहत 436 अभ्यर्थियों का चयन किया है. खास बात यह है कि चयनित उम्मीदवारों में 123 महिलाएं भी शामिल हैं, जिनके लिए आरक्षित सभी पद भर गए हैं. लंबे इंतजार के बाद हुई इस भर्ती से पुलिस विभाग में अधिकारियों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी.
ईएसबी ने जारी किया अंतिम परिणाम
कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने सूबेदार और उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है. भर्ती प्रक्रिया कुल 500 पदों के लिए आयोजित की गई थी, लेकिन न्यायालय के आदेश के कारण फिलहाल 13 प्रतिशत पदों पर नियुक्ति रोक दी है. ऐसे में 87 प्रतिशत पदों के लिए चयन सूची जारी की गई है, जिसमें 436 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है.
313 पुरुष और 123 महिला उम्मीदवार चयनित
जारी चयन सूची के मुताबिक 436 सफल अभ्यर्थियों में 313 पुरुष और 123 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. महिलाओं के लिए आरक्षित सभी 123 पद भर गए हैं. पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इससे पुलिस विभाग में महिला अधिकारियों की संख्या बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका और अधिक मजबूत होगी.
लंबी चयन प्रक्रिया के बाद मिली सफलता
यह भर्ती प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की गई. प्रारंभिक परीक्षा अक्टूबर-2025 में आयोजित की गई थी, जबकि मुख्य परीक्षा अप्रैल-2026 में हुई. इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए बुलाया गया. पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराया गया.
1639 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था
मुख्य परीक्षा के बाद कुल 1,639 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा, शारीरिक माप परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था. यह प्रक्रिया 5 जून से 11 जून तक भोपाल और जबलपुर में आयोजित की गई. विभिन्न चरणों के मूल्यांकन के बाद अंतिम रूप से 436 उम्मीदवारों का चयन किया गया.
जल्द शुरू होगी नियुक्ति और प्रशिक्षण
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी. नियुक्ति के बाद उन्हें पुलिस अकादमी भौंरी और आरएपीटीसी इंदौर में प्रशिक्षण दिया जाएगा. प्रशिक्षण पूरा होने के बाद ये अधिकारी प्रदेश के अलग-अलग जिलों और इकाइयों में तैनात किए जाएंगे. लंबे समय बाद हुई इस भर्ती को मध्य प्रदेश पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं