झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अहम खबर है. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के माध्यम से प्रस्तावित 864 लिपिक (क्लर्क) पदों की भर्ती प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है. राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि इन पदों पर अब पुरानी प्रक्रिया के बजाय नई लिपिकीय नियुक्ति नियमावली के तहत भर्ती कराई जाएगी. इसके लिए पहले से भेजी गई अधियाचनाएं (रिक्विजिशन) वापस ली जाएंगी. जानकारी के अनुसार नगर विकास एवं आवास विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत कुल 864 क्लर्क पदों पर नियुक्ति प्रस्तावित थी.
कब शुरू होगी नए सिरे से भर्ती की प्रक्रिया
इन्हीं पदों के लिए जेएसएससी ने वर्ष 2023-24 में भर्ती विज्ञापन जारी किया था और हजारों अभ्यर्थियों ने आवेदन भी किया था. लेकिन अब पूरी प्रक्रिया नए नियम लागू होने तक रोक दी गई है.कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने संबंधित विभागों को पुरानी अधियाचना वापस लेने का निर्देश दिया है. सभी विभागों से सहमति मिलने के बाद जेएसएससी को औपचारिक रूप से अधियाचना वापस लेने का पत्र भेजा जाएगा. इसके बाद नई नियमावली के अनुरूप नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी.
जब इस मामले को लेकर JSSC अध्यक्ष प्रशांत कुमार से एनडीटीवी ने बात किया तो उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया के लिए नए नियम अधिसूचित किए गए हैं. आयोग उन्हीं नियमों का पालन करेगा. इसलिए 864 क्लर्क पदों की वर्तमान भर्ती प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित किया गया है. आगे की पूरी प्रक्रिया नए नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी.
उम्मीदवारों के बीच निराशा
हालांकि इस फैसले से क्लर्क भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को फिलहाल और इंतजार करना पड़ेगा. अब सभी की नजर इस बात पर है कि नई नियमावली के तहत भर्ती का नया विज्ञापन कब जारी होता है और पहले आवेदन कर चुके उम्मीदवारों के लिए सरकार क्या व्यवस्था करती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं