विज्ञापन

IAS पद्मा जयसवाल सेवा से बर्खास्त, 18 साल पुराने क‍िस मामले में चली गई नौकरी?

IAS Padma Jaiswal: अरुणाचल प्रदेश में तैनाती के दौरान फंड की हेराफेरी और पद के दुरुपयोग के आरोपों में घिरीं 2003 बैच की IAS अधिकारी पद्मा जयसवाल को केंद्र सरकार ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है. दिल्ली हाई कोर्ट के हालिया फैसले के बाद यूपीएससी की सिफारिश पर यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है.

IAS पद्मा जयसवाल सेवा से बर्खास्त, 18 साल पुराने क‍िस मामले में चली गई नौकरी?

IAS Padma Jaiswal: भारतीय प्रशासन‍िक सेवा में साल 2003 बैच की सीनियर आईएएस (IAS) अधिकारी पद्मा जायसवाल को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. जायसवाल पर अरुणाचल प्रदेश में तैनाती के दौरान सरकारी धन के गबन और पद के दुरुपयोग के गंभीर आरोप थे. करीब 18 साल पुराने इस मामले में लंबी जांच और कानूनी उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार सरकार ने यह बड़ा फैसला लिया है.

पद्मा जायसवाल का पूरा मामला क्‍या है?

असम-गोवा-मिजोरम-केंद्र शासित प्रदेश (AGMUT) कैडर की अधिकारी पद्मा जायसवाल साल 2007-08 में अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम कामेंग जिले में उपायुक्त के पद पर तैनात थीं. इसी दौरान उन पर सार्वजनिक धन की हेराफेरी और अपने अधिकारों के गलत इस्तेमाल के आरोप लगे थे. मामला सामने आने के बाद साल 2008 में उन्हें निलंबित भी किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें बहाल कर दिया गया था. लेकिन भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच लगातार चलती रही.

हाई कोर्ट के फैसले के बाद तेज हुई कार्रवाई

अखिल भारतीय सेवा नियमावली के तहत चल रही इस अनुशासनात्मक कार्रवाई में उस वक्त तेजी आई, जब अप्रैल 2026 में दिल्ली हाई कोर्ट ने अधिकार क्षेत्र  से जुड़ी एक याचिका को खारिज कर दिया. हाई कोर्ट का हरी झंडी मिलने के बाद गृह मंत्रालय (MHA), केंद्रीय सतर्कता आयोग  और कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सिफारिशों पर संघ लोक सेवा आयोग ने भी इस बड़ी पेनाल्टी (बर्खास्तगी) के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी. 

'द इंडियन एक्सप्रेस' की खबर के अनुसार जब उन्‍होंने पद्मा जायसवाल से संपर्क किया, तो उन्होंने इस तरह के किसी भी आदेश की जानकारी होने से साफ इनकार किया. जायसवाल ने कहा कि उन्हें अभी तक ऐसी किसी बर्खास्तगी या कार्रवाई के आदेश के बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है. उधर, विशेषज्ञों का मानना है क‍ि "भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में इतने वरिष्ठ स्तर के अधिकारी को सेवा से हटाया जाना एक बेहद दुर्लभ और असाधारण कदम है. यह देश की सर्वोच्च प्रशासनिक व्यवस्था में शुमार अधिकारियों के लिए एक कड़ा संदेश है."

Who is Padma Jaiswal: पद्मा जायसवाल कौन? 

पद्मा जायसवाल का प्रशासनिक और शैक्षणिक करियर बेहद शानदार रहा है. उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक उन्होंने सेंट जेवियर्स स्कूल और पंजाब यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्कूल (UBS) से MBA की डिग्री ली है. वह इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) से एक सर्टिफाइड कंपनी सेक्रेटरी (CS) भी हैं. वह UGC रिसर्च फेलो रह चुकी हैं.

उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, इंटरनेशनल अफेयर्स और लीगल पर्सनल मैनेजमेंट जैसे विषयों पर गहरा शोध किया है. अपने 20 साल से ज्यादा के करियर में उन्होंने दिल्ली, गोवा, पुडुचेरी और अरुणाचल प्रदेश में कई महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल पदों पर जिम्मेदारियां संभाली थीं. लेकिन इस फैसले ने उनके प्रशासनिक करियर पर फिलहाल पूर्णविराम लगा दिया है. 

'12वीं फेल' फेम IPS मनोज शर्मा बने मुंबई के नए जॉइंट CP, महाराष्ट्र में 24 आईपीएस के तबादले, देखें पूरी सूची

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Padma Jaiswal, IAS, Dismissed, Corruption, UPSC
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com