GATE Jobs Without M.Tech: अगर आप इंजीनियरिंग के बाद ही अच्छी जॉब चाहते हैं और एमटेक करने का कोई प्लान नहीं है, तो गेट (GATE) आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है. ज्यादातर स्टूडेंट्स GATE को सिर्फ M.Tech में एडमिशन का एग्जाम मानते हैं, लेकिन इस स्कोर से देश की कई बड़ी सरकारी और प्राइवेट कंपनियां इंजीनियरों की भर्ती करती हैं. इनमें शुरुआती सैलरी ही 50,000 से लेकर 1.80 लाख रुपए मंथली तक पहुंच सकती है. अगर आप GATE 2027 की तैयारी कर रहे हैं या आने वाले समय में इस परीक्षा में बैठने का सोच रहे हैं, तो जानिए कौन-कौन सी कंपनियां GATE स्कोर पर नौकरी देती हैं, वहां कितना पैकेज मिलता है और एमटेक की जरूरत भी नहीं पड़ती है.
GATE 2027 का शेड्यूल जारी
IIT मद्रास ने GATE 2027 एग्जाम का शेड्यूल जारी कर दिया है. अगले साल फरवरी 2027 में 6 दिनों तक एग्जाम कराया जाएगा. 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी 2027 को परीक्षा आयोजित की जाएगी. हर दिन दो शिफ्ट सुबह और दोपहर के सेशन में एग्जाम होगा.
M.Tech नहीं किया, फिर भी कैसे मिलेगी लाखों की सैलरी
देश की दिग्गज सरकारी और महारत्न कंपनियां (PSU) और कई बड़ी प्राइवेट कंपनियां हर साल लाखों इंजीनियरों को नौकरी देती हैं. इसके लिए वे अपना अलग से कोई लिखित एग्ज़ाम नहीं लेतीं, बल्कि GATE परीक्षा के स्कोर कार्ड का इस्तेमाल करती हैं. अगर आपका GATE स्कोर अच्छा है, तो ये कंपनियां आपको सीधे इंटरव्यू के लिए बुलाती हैं. इंटरव्यू क्लियर होते ही आपकी पोस्टिंग इंजीनियर ट्रेनी (Engineer Trainee) या एक्जीक्यूटिव ट्रेनी (Executive Trainee) जैसे बड़े पदों पर हो जाती है.
GATE स्कोर पर जॉब देने वाली बड़ी सरकारी कंपनियां
BHEL (भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड)
इंजीनियरिंग सेक्टर की इस दिग्गज कंपनी में शुरुआत से ही बेहतरीन पैकेज मिलता है. ट्रेनिंग के दौरान कर्मचारियों को करीब 50,000 रुपए मंथली सैलरी दी जाती है. वहीं महंगाई और अन्य भत्तों को जोड़कर इन-हैंड मंथली पैकेज करीब 76,000 रुपए तक पहुंच जाता है.
GAIL (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड)
ऊर्जा और गैस क्षेत्र की यह महारत्न कंपनी अपने कर्मचारियों का बहुत ख्याल रखती है. यहां ट्रेनिंग के समय 60,000 रुपए मंथली बेसिक पे दिया जाता है. सभी भत्ते जोड़ने के बाद शुरुआती कुल मंथली सैलरी करीब 91,000 रुपए के आसपास बैठती है. ट्रेनिंग पूरी होते ही पे-स्केल 60,000 से 1,80,000 रुपए के ब्रैकेट में आ जाता है.
DRDO (रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन)
देश की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक तकनीक बनाने वाले DRDO में काम करना हर युवा का सपना होता है. यहां साइंटिस्ट 'B' के पद पर सीधी भर्ती होती है. इसमें लेवल-10 के तहत 56,100 रुपए का शुरुआती बेसिक पे मिलता है. भत्ते, HRA और प्रोफेशनल अपडेट अलाउंस मिलाकर कुल ग्रॉस सैलरी 68,000 से 85,000 रुपए प्रति माह से शुरू होती है.
SAIL (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड)
देश की सबसे बड़ी स्टील कंपनियों में से एक, SAIL में मैनेजमेंट ट्रेनी के पद पर नौकरी मिलती है. शुरुआती 1 साल की ट्रेनिंग के दौरान 50,000 रुपए मंथली दिए जाते हैं. 1 साल का समय पूरा होने के बाद पे-स्केल 60,000 से 1,80,000 मंथली का हो जाता है.
NPCIL (न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड)
अगर आप न्यूक्लियर एनर्जी के फील्ड में काम करना चाहते हैं, तो NPCIL एक बेहतरीन ऑप्शन है. ट्रेनिंग के दौरान 55,000 रुपए मंथली का स्टाइपेंड मिलता है और साथ में किताबें खरीदने के लिए 18,000 रुपए का अलग से अलाउंस भी दिया जाता है. ट्रेनिंग खत्म होने पर साइंटिफिक ऑफिसर (Scientific Officer/C) की पोस्ट के साथ शानदार सैलरी स्ट्रक्चर ऑफर किया जाता है.
इन कंपनियों में भी मौका
इन पीएसयू कंपनियों के अलावा IOCL, HPCL, ONGC, ISRO और NTPC जैसी दर्जनों अन्य टॉप कंपनियां भी GATE स्कोर के आधार पर ही सीधे पदों पर भर्ती करती हैं. इनमें समय-समय पर भर्तियां निकलती रहती हैं.
क्या प्राइवेट कंपनियां भी GATE स्कोर देखकर नौकरी देती हैं
TCS, विप्रो (Wipro), इंफोसिस (Infosys), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), रिलायंस (Reliance) और अशोक लेलैंड (Ashok Leyland) जैसी कई बड़ी प्राइवेट कंपनियां भी GATE स्कोर वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता देती हैं.
ये भी पढ़ें - GATE 2027 के लिए 14 अगस्त से रजिस्ट्रेशन, ये जरूरी डॉक्यूमेंट्स अभी से रखें तैयार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं