Avengers Doomsday Advance Booking: हॉलीवुड की सुपरहीरो फिल्म एवेंजर्स डूम्सडे रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हलचल पैदा कर रही है. फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और मार्वल फैंस के बीच बढ़ते क्रेज का अंदाजा इसकी एडवांस टिकट बिक्री से लगाया जा रहा है. अमेरिकी बाजार में फिल्म की प्रीसेल्स तेजी से आगे बढ़ रही है और शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, अमेरिका में फिल्म पहले वीकेंड पर 2500 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर सकती है जबकि भारत में भी इसकी एडवांस बुकिंग लगातार सॉलिड होती जा रही है.
एवेंजर्स डूम्सडे इंडिया एडवांस बुकिंग
23 सुपरहीरो, एक खतरनाक विलेन और 4000 करोड़ के बजट वाली एवेंजर्स डूम्सडे की भारत में 10 लाख से ज्यादा टिकटें बिक चुकी हैं. सैकनिल्क के ताजा आंकड़ों के मुताबिक फिल्म की रिलीज से 21 दिन पहले 8256 शो की 10.27 लाख टिकटें बिक गई हैं जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 65.19 करोड़ रुपये पहुंच चुका है. इस तरह उम्मीद जताई जा रही है कि भारत में इसका वीकेंड कलेक्शन रिकॉर्ड तोड़ हो सकता है. वैसे भी फिल्म भारत में अमेरिका से एक दिन पहले यानी 17 दिसंबर को रिलीज हो रही है.
अमेरिका में हो सकता है 2500 करोड़ का वीकेंड
डेडलाइन की इस एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में 'एवेंजर्स डूम्सडे' की टिकटों की प्रीसेल्स का रुझान फिल्म के लिए बेहद मजबूत शुरुआत का संकेत दे रहा है. शुरुआती टिकट बिक्री के आधार पर फिल्म की ओपनिंग करीब 270 मिलियन डॉलर (2500 करोड़ रुपये) तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है. हालांकि, यह शुरुआती प्रोजेक्शन है. 'एवेंजर्स डूम्सडे' को मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक माना जा रहा है. एवेंजर्स फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों ने दुनियाभर में शानदार कारोबार किया है और सुपरहीरो फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है.
एवेंजर्स डूम्सडे के नए ट्रेलर ने बनाया नया रिकॉर्ड
डेडलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, एवेंजर्स डूम्सडे के नए ट्रेलर को अब तक 563 मिलियन (56.3 करोड़) व्यूज मिल चुके हैं. इसी के साथ यह डिज्नी के इतिहास का अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला ट्रेलर बन गया है. इसने एवेंजर्स डूम्सडे के टीजर के 24 घंटे में मिले 503 मिलियन व्यूज और 2024 में रिलीज हुए डेडपूल ऐंड वुल्वरिन के सुपर बाउल टीजर के 365 मिलियन व्यूज (ब्रॉडकास्ट व्यूज सहित) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है.
एवेंजर्स डूम्सडे की भारी-भरकम स्टार कास्ट
एवेंजर्स डूम्सडे में तीन अलग-अलग यूनिवर्स के चहेते सुपरहीरोज एक ऐसे खतरनाक मोड़ पर आमने-सामने होंगे, जहां उन्हें अब तक के सबसे बड़े अस्तित्व के संकट का सामना करना पड़ेगा. यह चुनौती उनके सामने पहले कभी नहीं आई है. इस फिल्म का निर्देशन एंथनी और जो रूसो ने किया है, जबकि केविन फाइगी, लुई डी'एस्पोसिटो और जोनाथन श्वार्ट्ज ने इसका निर्माण किया है. फिल्म में रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रुड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू, वैनेसा किर्बी, एबन मॉस-बैक्रैक, वायट रसेल, चैनिंग टैटम, सिमू लियू, इयान मैककेलेन, हेली एटवेल, टॉम हिडलस्टन, जेम्स मार्सडेन, पैट्रिक स्टीवर्ट, जोसेफ क्विन, सेबेस्टियन स्टैन, डेविड हार्बर, लेटिटिया राइट, लुईस पुलमैन, केल्सी ग्रामर, कैथरीन न्यूटन, डैनी रामिरेज, विंस्टन ड्यूक, एलन कमिंग, हन्ना जॉन-कामेन, रेबेका रोमिजन, एलेक्स लिविनाली, मेबल कडेना और तेनोच हुएर्ता मेजिया सहित कई दिग्गज कलाकार नजर आएंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं