हिंदू धर्म में नवरात्रि का खास महत्व है. नवरात्रि के नौ दिन देवी दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है. 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्रि शुरू हो चुके हैं. धार्मिक मान्यता है कि नवरात्रि में विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा करने और व्रत रखने से मन को शांति मिलती है और मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है. अगर, आप भी इस बार नवरात्रि के व्रत रख रहे हैं तो आपको कुछ नियम और व्रत की सही विधि का भी पता होना चाहिए. चलिए आपको बताते हैं नवरात्रि के व्रत कैसे खोलें.
नवरात्रि के व्रत कैसे रखें?
नवरात्रि का व्रत रखने के लिए साफ-सफाई, संकल्प, सुबह-शाम पूजा और खानपान का ध्यान रखना पड़ता है. इस दौरान सात्विक खाना ही खाया जाता है. इसके अलावा इस दौरान लहसुन-प्याज, मांस और शराब का सेवन नहीं करना चाहिए. नवरात्रि के पहले दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें. इसके बाद मां दुर्गा की पूजा करें. पूजा में मां दुर्गा को फूल, फल, मिठाई और अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग अर्पित करें. व्रत का संकल्प अपनी सेहत और क्षमता के अनुसार लें. कुछ लोग नवरात्रि के व्रत फलाहार करते हैं, जबकि कुछ लोग दिन में एक समय भोजन करते हैं. ऐसे में आप अपने सेहत के हिसाब से व्रत रखें.
नवरात्रि का व्रत कैसे खोलें?
अगर, आप रोजाना व्रत रख रहे हैं तो आपको व्रत खोलने की सही विधि पता होनी चाहिए. नवरात्रि व्रत खोलने के लिए रोजाना शाम को मां दुर्गा की पूजा करें. इसके बाद माता रानी को भोग लगाएं और फिर खुद कुछ खाएं. व्रत के दौरान गेहूं, चावल या दालों का सेवन नहीं किया जाता. इनकी जगह कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, राजगिरा का आटा, साबूदाना और समा के चावल खा सकते हैं. रोजाना शाम को कुट्टू या सिंघाड़े की रोटी बना सकते है. इसके साथ आलू की सब्जी बना सकते हैं, जो हरी मिर्च और घी में बनाएं.
नवरात्रि व्रत के नियम
नवरात्रि के समय सिर्फ सात्विक भोजन करना चाहिए. इस दौरान मांसाहार, शराब और तंबाकू जैसी चीजों से दूर रहना चाहिए. प्याज और लहसुन भी नहीं खाना चाहिए. इसके आलावा रोजाना सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें. इसके बाद माता रानी की पूजा और आरती करें.
यह भी पढ़ें:- सूर्य का होगा मंगल के नक्षत्र में गोचर, इन 3 राशियों पर बढ़ेगा दबाव, संभलकर लें फैसले
यह भी पढ़ें:- हथेली में V का निशान होने का क्या मतलब है? हस्तरेखा शास्त्र के अनुसार जानिए इसका महत्व
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं