Narasimha Jayanti 2026: हिंदू धर्म में नरसिंह जयंती का विशेष महत्व माना जाता है. यह पर्व वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मनाया जाता है. साल 2026 में यह तिथि आज यानी 30 अप्रैल को पड़ रही है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु के नरसिंह अवतार की विधि-विधान से पूजा करने और कुछ विशेष उपाय अपनाने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं और सुख-समृद्धि आती है. ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित ने कुछ ऐसे ही उपाय बताए हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-
कर्ज से मुक्ति के लिए उपाय
ज्योतिषाचार्य कहते हैं, अगर आप आर्थिक समस्याओं या कर्ज से परेशान हैं, तो इस दिन लक्ष्मी नरसिंह स्तोत्र या ऋणमोचन स्तोत्र का पाठ करना बहुत शुभ माना जाता है. मान्यता है कि भगवान नरसिंह की कृपा से कर्ज धीरे-धीरे समाप्त होता है और घर में धन का आगमन बढ़ता है. नियमित रूप से यह पाठ करने से मानसिक तनाव भी कम होता है.
शत्रु और कोर्ट केस से राहतयदि आप शत्रुओं से परेशान हैं या किसी कानूनी मामले में फंसे हुए हैं, तो नरसिंह भगवान की प्रतिमा के सामने लाल फूल अर्पित करें. अपनी उम्र के बराबर फूल चढ़ाना विशेष फलदायी माना जाता है. इससे नकारात्मक शक्तियों का असर कम होता है और विजय की संभावना बढ़ती है.
वास्तु दोष दूर करने का उपायघर में वास्तु दोष हो तो नरसिंह जयंती के दिन विशेष पूजा करें. नरसिंह मंत्र का जाप करते हुए शंख बजाएं. भगवान को लाल कपड़ा और कलावा अर्पित करें. इसके बाद वही कलावा अपनी कलाई में बांध लें. ऐसा करने से घर की नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और सकारात्मक माहौल बनता है.
शाम की पूजा विधिधार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान नरसिंह का प्राकट्य गोधूली बेला में हुआ था, इसलिए शाम के समय पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है.
- शाम के समय पूजा स्थल पर भगवान नरसिंह की मूर्ति या चित्र स्थापित करें.
- पंचामृत से अभिषेक करें और चंदन, कुमकुम, फूल, तुलसी, फल और मिठाई अर्पित करें.
- घी का दीपक जलाएं और श्रद्धा से मंत्रों का जाप करें.
- प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा सुनें या पढ़ें.
- अंत में आरती करें और प्रसाद बांटें.
ज्योतिषाचार्य बताते हैं, पूजा करते समय मन को शांत और एकाग्र रखना बहुत जरूरी है. सच्ची श्रद्धा और विश्वास से की गई पूजा भगवान विष्णु की कृपा दिलाती है और जीवन में सुख-शांति लाती है.
यह भी पढ़ें- Narasimha Jayanti 2026: नरसिंह जयंती आज, इस समय करें भगवान नरसिंह की पूजा, पढ़ें विधि, मंत्र और कथा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं