हिंदू धर्म में भगवान शिव की पूजा में अभिषेक का विशेष महत्व माना गया है. भक्त जल, दूध, घी, शहद, दही आदि चीजों से भगवान शिव का अभिषेक करते हैं. इसी को लेकर ज्योतिषाचार्य हर्ष जोशी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. अपने इस वीडियो में एस्ट्रोलॉजर बताते हैं, शिव पुराण के अनुसार, शिवलिंग पर अलग-अलग द्रव्य चढ़ाने से अलग-अलग मनोकामनाएं पूरी होती हैं और विशिष्ट फलों की प्राप्ति होती है. यानी शिवलिंग पर जल चढ़ाने से अलग फल मिलता है, दूध चढ़ाने से अलग फल मिलता है, घी, बेलपत्र, शहद चढ़ाने से अलग फल की प्राप्ति होती है. आइए एस्ट्रोलॉजर से जानते हैं किस चीज का अभिषेक किस फल से जुड़ा माना जाता है.
शिवलिंग पर जल चढ़ाने से क्या होता है?
एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, शिवलिंग पर जल चढ़ाने से मन को शांति मिलती है, ज्वर ताप यानी बुखार, शरीर में गर्मी आदि समस्याओं से राहत मिलती है. खासकर सोमवार के दिन शिवलिंग पर जल चढ़ाना बेहद शुभ माना जाता है.
शिवलिंग पर कच्चा दूध चढ़ाने से क्या होता है?एस्ट्रोलॉजर बताते हैं, दूध चंद्रमा का द्रव्य है. भगवान शिव के मस्तक पर चंद्रमा विराजमान है, इसलिए दूध चढ़ाने से कुंडली में चंद्रमा मजबूत होता है और चंद्र दोष दूर होता है. इससे अलग शिवलिंग पर दूध चढ़ाने से शीतलता बढ़ती है, स्वास्थ्य अच्छा होता है, आयु में वृद्धि होती है. इससे अलग अगर आपका मन परेशान रहता है या आपको रात के समय नींद नहीं आती है, तो भी शिवलिंग पर दूध चढ़ाने से लाभ हो सकता है.
कर्ज मुक्ति के लिए शिवलिंग पर क्या चढ़ाएं?एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, कर्ज से परेशान लोगों के लिए घी से शिवलिंग का अभिषेक विशेष माना गया है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शिवलिंग पर घी चढ़ाने या घी से अभिषेक करने से कर्ज से मुक्ति मिल सकती है. इसके साथ ही घी का अभिषेक शक्ति और वंश वृद्धि से भी जुड़ा माना जाता है.
शिवलिंग पर शहद चढ़ाने से क्या होता है?ज्योतिषाचार्य के अनुसार, शहद को शिवलिंग पर चढ़ाने से वाणी में मधुरता आती है, साथ ही जीवन की रुकावटें दूर होने लगती हैं. ऐसे में अगर कोई आपकी बातों को सुनता नहीं है या आपके काम में बार-बार रुकावट आ रही है, तो आप शिवलिंग पर शहद चढ़ा सकते हैं.
शिवलिंग पर दही चढ़ाने से क्या होता है?एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, शिवलिंग पर दही चढ़ाने से संतान सुख, परिवार की स्थिरता और समृद्धि बढ़ती है.
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने से क्या होता है?इन सब से अलग एस्ट्रोलोजर कहते हैं, भगवान शिव को बेलपत्र भी अत्यंत प्रिय माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने से पापों का नाश होता है और दरिद्रता दूर होने लगती है.
ऐसे में आप अपनी श्रद्धा के अनुसार, शिवलिंग पर जल, दूध, घी, शहद और दही चढ़ा सकते हैं या और बेहतर परिणाम के लिए इन पांचों चीजों से पंचामृत बनाकर भी शिवलिंग का अभिषेक कर सकते हैं. अभिषेक करते समय मन में सच्ची श्रद्धा रखें और 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करते रहें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- बंदर को खाना खिलाने से क्या होता है? एस्ट्रोलॉजर साक्षी ठाकुर ने बताया किसे जरूर करना चाहिए ये उपाय
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं