विज्ञापन
This Article is From May 03, 2016

ये हैं भारत से पांच सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थल, यहां सालोंभर उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब

Also Read in
ये हैं भारत से पांच सबसे प्रसिद्ध तीर्थस्थल, यहां सालोंभर उमड़ता है श्रद्धालुओं का सैलाब
फाइल फोटो
भारत मंदिरों, देवालयों और तीर्थस्थलों का देश है। हिन्दू धर्म के अधिकांश तीर्थ स्थलों दुर्गम स्थानों पर स्थित हैं। देश के ये पांच तीर्थस्थल पहुंचने के कठिन मार्ग और प्रतिकूल मौसम के बावजूद अत्यंत लोकप्रिय हैं।

वैष्णो देवी

विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल वैष्णो देवी मंदिर देश के सबसे उत्त्तरी राज्य जम्मू-कश्मीर में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित है। यहां माता वैष्णो देवी का मंदिर इस पहाड़ी की एक गुफा के अंदर है। एक अनुमान के मुताबिक हर साल लगभग एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु यहां की यात्रा करते हैं। वैष्णोदेवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, मां वैष्णो देवी जी के दर्शन के लिए इस साल जनवरी में ही कुल चार लाख 32 हजार 246 तीर्थयात्री आए थे।

शिरडी साईं धाम

शिरडी साई बाबा का मंदिर महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित है, जो इस ज़िले की राहटा तहसील के अंतर्गत आता है। शिरडी अभी भी एक कस्बा ही है। एक सरकारी के अनुमान के मुताबिक इस विश्व प्रसिद्ध साईं धाम पर रोजाना करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु आते हैं।

तिरुपति बालाजी

तिरुपति बालाजी का विश्व प्रसिद्ध मंदिर आन्ध्र प्रदेश के चित्तूर ज़िले के तिरुपति में स्थित है। तिरुमाला शृंखला की सातवीं पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर भगवान व्यंकटेश्वर को समर्पित है, जो भगवान विष्णु के अवतार माने जाते हैं। एक सरकारी अनुमान के मुताबिक़ यहां हर साल लगभग तीन करोड़ से अधिक श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं।

सबरीमाला

यह विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल सुदूर दक्षिण में केरल राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम से 175 किमी दूर पंपा नदी के किनारे एक घने वन में स्थित है। भगवान अयप्पन या अयप्पा शैव और वैष्णव दोनों मतावलंबियों द्वारा पूजित हैं। अनेक लोगों का मानना है मक्का-मदीना के बाद यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा तीर्थ है।

काशी विश्वनाथ

काशी यानी वाराणसी में स्थापित भगवान विश्वेश्वर या विश्वनाथ महादेव का मंदिर भारत का विश्व प्रसिद्ध तीर्थ है। वाराणसी को अनके ग्रंथों में शाश्वत नगर कहा गया है। एक अनुमान के मुताबिक़ यहां हर रोज 80,000 से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं।

अन्य प्रसिद्ध तीर्थ स्थल
इन पांच तीर्थ स्थलों के अलावे उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर, ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर, गुजरात के प्रभासतीर्थ में स्थित सोमनाथ मंदिर, उत्तराखंड के केदारनाथ-बद्रीनाथ, मुंबई स्थित सिद्धिविनायक मंदिर और दिल्ली स्थित अक्षरधाम मंदिर की लोकप्रियता भी अत्यधिक है, जहां हर साल श्रद्धालुओं और पर्यटकों की अपार भीड़ जुटती है।
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
तीर्थस्थल, तिरुपति बालाजी, सबरीमाला, वैष्णो देवी, काशी विश्वनाथ, शिरडी साईं धाम, Pilgrimage, Tirupati Balaji, Sabarimala, Vaishno Devi, Kashi Vishwanat, Shirdi Sai Baba
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com