हिंदू धर्म में शरीर पर बने तिल और उनके मतलब को लेकर कई तरह की मान्यताएं हैं. सामुद्रिक शास्त्र में शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर बने तिलों को व्यक्ति के स्वभाव और जीवन से जोड़कर देखा जाता है. हाथ की छोटी उंगली पर तिल होना भी खास माना जाता है. इसी को लेकर मशहूर एस्ट्रोलॉजर राजीव कौशिक ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने छोटी उंगली पर बने तिल से जुड़े संकेतों के बारे में बताया है. आइए जानते हैं इस बारे में-
क्या कहते हैं एस्ट्रोलॉजर?
एस्ट्रोलॉजर बताते हैं, हाथ की छोटी उंगली को कनिष्ठा उंगली कहा जाता है. इसका संबंध बुध ग्रह से माना जाता है. बुध को बुद्धि, बोलने की कला, व्यापार और समझदारी का कारक माना जाता है. इसी वजह से छोटी उंगली पर बने तिल को व्यक्ति की सोच, धन कमाने की इच्छा और रिश्तों से जोड़कर देखा जाता है. राजीव कौशिक बताते हैं, हर उंगली की तरह छोटी उंगली के भी तीन हिस्से होते हैं और तीनों हिस्सों पर तिल होने का अलग-अलग मतलब होता है.
छोटी उंगली के पहले हिस्से पर तिल होने का क्या मतलब है?एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, अगर आपकी छोटी उंगली के पहले हिस्से पर तिल है, तो इसे धन से जोड़कर देखा जाता है. ऐसे लोगों के मन में पैसा कमाने और उसे जमा करने की इच्छा ज्यादा होती है. यानी ये लोग पैसों को बहुत महत्व देते हैं. हालांकि, कई बार धन के प्रति अधिक लगाव के कारण ये रिश्तों को कम महत्व देने लगते हैं. इससे अलग ऐसे लोगों की कला में भी रुचि हो सकती है. इन्हें चित्र बनाना, पेंटिंग करना और लिखना पसंद हो सकता है. इसके अलावा, धर्म के प्रति भी इनकी रुचि होती है.
छोटी उंगली के दूसरे हिस्से पर तिल होने का क्या मतलब है?राजीव कौशिक बताते हैं, अगर आपकी छोटी उंगली के दूसरे हिस्से पर तिल है, तो ऐसे लोग अपने छोटे भाई-बहनों और बच्चों से बहुत प्यार करते हैं. साथ ही ये लोग चीजों को प्लान करने में भी बहुत अच्छे होते हैं. कोई भी नया काम करने से पहले ये उसके बारे में बहुत सोचते हैं, फिर प्लान के साथ ही उस काम को पूरा करते हैं.
हालांकि, कई बार ये लोग जुबान के बहुत कवड़े होते हैं. ऐसे में इनकी बातों से लोगों को जल्दी बुरा भी लग जाता है.
छोटी उंगली के तीसरे हिस्से पर तिल होने का क्या मतलब है?इन सब से अलग एस्ट्रोलॉजर कहते हैं, अगर किसी की छोटी उंगली के तीसरे हिस्से पर तिल है, तो ऐसे लोग बहुत समझदार हो सकते हैं. इनमें नई चीजें सीखने और काम करने के नए तरीके खोजने की अच्छी क्षमता होती है.
व्यापार के मामले में भी ऐसे लोगों को अच्छा माना जाता है. ये काम को आगे बढ़ाने और उसके लिए योजना बनाने में कुशल होते हैं. हालांकि, ऐसे लोगों को शादीशुदा जिंदगी में परेशानी झेलनी पड़ सकती है, लेकिन समय के साथ ये परेशानियां भी ठीक होने लगती हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
यह भी पढ़ें- सूखी लाल मिर्च से नजर कैसे उतारें? एस्ट्रोलॉजर साक्षी सिंघल ने बताया नजर उतारने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं