Hurmat Pakistani Drama: एक समय पर टीवी की दुनिया में एकता कपूर का राज चलता था. घर की कहानियों पर बने ड्रामे लोगों को खूब पसंद आते थे. लेकिन समय के साथ लोगों को हमेशा कुछ नया चाहिए होता है. ऐसे में इन दिनों लोगों के बीच पाकिस्तानी ड्रामों का क्रेज खूब देखने को मिल रहा है. बीते कुछ दिनों से यूट्यूब पर पाकिस्तानी ड्रामा की धूम मची हुई है. ये सीरियल हर हफ्ते सोमवार और मंगलवार को यूट्यूब पर अपलोड होता है. इसकी कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने सपनों को पूरा करना चाहती है. HUM TV पर आने वाले इस सीरियल के अब तक 14 एपिसोड आ चुके हैं, और हर एपिसोड में मिलियन में व्यूज आए हैं.
एक लड़की की आजादी और पढ़ाई की जंग है 'हुरमत' की कहानी
'हुरमत' की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पढ़ना चाहती है और अपने सपनों को पूरा करना चाहती है. इस सीरीयल में दानानीर मोबीन और शाहवीर जाफरी लीड रोल में नजर आ रहे हैं. जिसमें मोबीन हुरमत का किरदार निभा रही हैं. वो एक पुरानी और रूढ़िवादी सोच वाले परिवार में पली-बढ़ी है, जहां पर उनके पिता अपने नियमों के मुताबिक उसकी जिंदगी चलाना चाहते हैं. परिवार के ऐसे नियमों की वजह से हुरमत के लिए हाई स्टडीज करना आसान नहीं होता है. हालांकि, आगे चलकर वो दूसरे शहर में जाकर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने का मौका हासिल करती है. जहां पर उनकी मुलाकात तबिश ( शाहवीर जाफरी) से होती है, दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती हैं और कहानी में प्यार के साथ फैमिली में होने वाले टकराव भी देखने को मिलते हैं.
ये भी पढ़ें: Panch Saas Ka Ek Damad: पांच सासों का अकेला दामाद, सपना चौहान- यश कुमार की भोजपुरी फिल्म का ट्रेलर देख छूट जाएगी हंसी
इस सीरियल में दानानीर मोबीन और शाहवीर जाफरी के अलावा अली ताहिर, जावेद शेख, शाहबाज शिगरी, उजमा हसन, अनूशे अब्बासी, ओमैर राणा, मोहम्मद अहमद और फराह हुसैन भी नजर आ रहे हैं. सीरियल को काशिफ अनवर ने लिखा है और इसका डायरेक्शन नदीम सिद्दीकी कर रहे हैं. ये ड्रामा मोमिना दुरैद प्रोडक्शंस के बैनर तले बना है.
14 एपिसोड और करोड़ों में पहुंच रहे व्यूज
'हुरमत' का प्रीमियर 5 अक्टूबर 2026 को HUM TV पर हुआ था. ये हफ्ते में दो दिन हर सोमवार और मंगलवार रात 8 बजे यूट्यूब पर अपलोड होता है. ये सीरियस HUM TV के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर है. 20 नवंबर तक इसके 14 एपिसोड रिलीज हो चुके हैं. इसके 13वें एपिसोड को करीब 1.04 करोड़, 12वें एपिसोड को 1.14 करोड़ और 10वें एपिसोड को करीब 1.21 करोड़ व्यूज मिले हैं. वहीं 14वें एपिसोड को भी करीब 94 लाख बार देखा जा चुका है. इसके व्यूज से साफ है कि इस कहानी को दर्शक बहुत पसंद कर रहे हैं. IMDB पर अब तक इस सीरियल की रेटिंग 6.4 है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं