बॉलीवुड फिल्मों में आमतौर पर हीरो, हीरोइन, रोमांस और गाने को काफी अहमियत दी जाती है. माना जाता है कि किसी फिल्म को दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाने के लिए उसमें रोमांस और ग्लैमर का होना जरूरी है. लेकिन हिंदी सिनेमा में ऐसी कई फिल्में बनी हैं, जिन्होंने इस सोच को गलत साबित कर दिया. इन फिल्मों में न तो हीरोइन की खास भूमिका थी और न ही रोमांटिक गानों का तड़का. इसके बावजूद दर्शकों ने इन्हें खूब पसंद किया. इन फिल्मों की असली ताकत इनकी कहानी, शानदार अभिनय और मनोरंजन था. आइए जानते हैं ऐसी 6 फिल्मों के बारे में.
फरारी की सवारी
साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'फरारी की सवारी' एक पिता और बेटे के रिश्ते पर आधारित थी. फिल्म में शरमन जोशी और बोमन ईरानी अहम भूमिका में नजर आए थे. इसकी कहानी एक ऐसे पिता की है, जो अपने बेटे का सपना पूरा करने के लिए हर संभव कोशिश करता है. फिल्म में इमोशन और बाप-बेटे के रिश्ते को खूबसूरती से दिखाया गया था. करीब 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 44 करोड़ रुपये का कारोबार किया था.
आमिर
राजीव खंडेलवाल की फिल्म 'आमिर' साल 2008 में रिलीज हुई थी. यह एक ऐसे मुस्लिम डॉक्टर की कहानी थी, जो विदेश से मुंबई लौटता है और अचानक एक खतरनाक साजिश में फंस जाता है. एक रहस्यमयी फोन कॉल उसकी जिंदगी बदल देता है. इसके बाद शुरू होता है डर, सस्पेंस और रोमांच का सिलसिला.
ए वेडनेसडे
नसीरुद्दीन शाह और अनुपम खेर की फिल्म 'ए वेडनेसडे' हिंदी सिनेमा की बेहतरीन थ्रिलर फिल्मों में गिनी जाती है. साल 2008 में आई इस फिल्म की कहानी एक आम आदमी और पुलिस अधिकारी के बीच होने वाली बातचीत पर आधारित है. फिल्म में नसीरुद्दीन शाह ने एक ऐसे शख्स का किरदार निभाया था, जो मुंबई पुलिस को फोन करके एक बड़ी धमकी देता है. वहीं अनुपम खेर पुलिस कमिश्नर की भूमिका में नजर आए थे. फिल्म में रोमांस या ग्लैमर की जगह सस्पेंस और दमदार डायलॉग्स ने दर्शकों को बांधे रखा.
धमाल
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी 'धमाल' साल 2007 में रिलीज हुई थी. इस कॉमेडी फिल्म में अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रितेश देशमुख और आशीष चौधरी जैसे कलाकार नजर आए थे. फिल्म की कहानी चार दोस्तों की है, जिन्हें खजाने के बारे में पता चलता है और फिर शुरू होती है उसे हासिल करने की मजेदार दौड़. फिल्म में संजय दत्त भी अहम भूमिका में थे. करीब 10 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने लगभग 50 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
ओएमजी: ओह माय गॉड!
अक्षय कुमार और परेश रावल की फिल्म 'ओएमजी: ओह माय गॉड!' साल 2012 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में परेश रावल ने कांजीभाई नाम के एक ऐसे दुकानदार का किरदार निभाया था, जो भूकंप में अपनी दुकान तबाह होने के बाद भगवान के खिलाफ अदालत पहुंच जाता है. फिल्म में अक्षय कुमार ने भगवान कृष्ण का किरदार निभाया था. फिल्म की कहानी धर्म, आस्था और अंधविश्वास जैसे मुद्दों पर सवाल उठाती है.
चैन कुली की मैन कुली
साल 2007 में रिलीज हुई 'चैन कुली की मैन कुली' क्रिकेट और एक बच्चे के सपनों पर आधारित फिल्म थी. इसमें जैन खान दुर्रानी और राहुल बोस अहम भूमिका में नजर आए थे. फिल्म की कहानी एक अनाथ बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो क्रिकेटर बनने का सपना देखता है. उसकी जिंदगी में एक ऐसा मोड़ आता है, जो उसके सपनों को नई उड़ान देता है. फिल्म में हीरोइन की भूमिका बेहद सीमित थी. इसके बावजूद कहानी ने दर्शकों का ध्यान खींचा.
यह भी पढ़ें | ना कोई हीरोइन, ना ही एक भी गाना, 1 घंटे 44 मिनट की इस फिल्म का बजट था 5 करोड़ और की थी छह गुना कमाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं