विज्ञापन

खान सर के बाद चर्चा में आए विवेक सर कौन हैं? जिनके एक कॉल पर लखनऊ में जुट गए हजारों छात्र

Who is Vivek Sir : यूपी की भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. आखिर कौन हैं विवेक सर और क्यों हजारों छात्र उनकी बात सुनते हैं?

खान सर के बाद चर्चा में आए विवेक सर कौन हैं? जिनके एक कॉल पर लखनऊ में जुट गए हजारों छात्र
विवेक सर की अपील पर लखनऊ में जुटे हजारों छात्र

Who is Vivek Sir: लखनऊ के ईको गार्डन में 12 जून को हजारों छात्रों की भीड़ जुटी तो कई लोगों के मन में एक ही सवाल उठा कि आखिर ये विवेक सर कौन हैं, जिनकी एक अपील पर इतनी बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए? पिछले कुछ दिनों से यूपी में भर्ती परीक्षाओं, रिजल्ट, स्कोर कार्ड और सामने आ रही गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के बीच नाराजगी देखने को मिल रही है. इसी बीच एक शिक्षक का नाम लगातार चर्चा में बना हुआ है. सोशल मीडिया से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच उनकी अच्छी पहचान है. यही वजह है कि जब उन्होंने ईको गार्डन पहुंचने की अपील की, तो हजारों छात्र वहां पहुंच गए.

कौन हैं विवेक सर?

छात्रों के मुद्दों को लेकर चर्चा में रहने वाले शिक्षकों की बात हो तो सबसे पहले खान सर का नाम याद आता है. अब इसी तरह यूपी में विवेक सर का नाम तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है. विवेक सर का पूरा नाम विवेक कुमार है. वो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले लोकप्रिय शिक्षकों में गिने जाते हैं और Exampur एजुकेशन प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं. यूपी पुलिस, एसएससी, लेखपाल, जीडी और दूसरी सरकारी नौकरियों की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच उनकी अच्छी पहुंच मानी जाती है. भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और छात्रों की समस्याओं से जुड़े मुद्दों पर भी वो लगातार अपनी बात रखते रहे हैं.

आखिर क्यों जुटे हजारों छात्र?

ईको गार्डन में जुटे छात्रों की मांग सिर्फ किसी एक भर्ती परीक्षा से जुड़ी नहीं थी. प्रदर्शन में यूपीएसआई, लेखपाल, होमगार्ड, एसएससी, जीडी समेत कई भर्तियों के अभ्यर्थी शामिल हुए. छात्रों की मांग थी कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाई जाए, स्कोर कार्ड जारी किए जाएं, शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो और परीक्षाओं का कैलेंडर समय पर जारी किया जाए. विवेक सर का कहना रहा है कि ये किसी राजनीतिक दल या संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि छात्रों के हक और उनकी समस्याओं से जुड़ा मुद्दा है.

गिरफ्तारी की चर्चा के बाद और बढ़ा नाम

प्रदर्शन से पहले खबरें सामने आई थीं कि विवेक सर और कुछ और लोगों को रास्ते में रोककर हिरासत में लिया गया था. हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया और वो ईको गार्डन पहुंच गए. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनका नाम तेजी से ट्रेंड करने लगा. कई छात्रों ने उन्हें ऐसा शिक्षक बताया जो सिर्फ पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों के मुद्दों को भी खुलकर उठाता है.

पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं विवेक कुमार

ये पहली बार नहीं है जब विवेक कुमार चर्चा में आए हों. कुछ समय पहले प्रयागराज में Exampur कोचिंग सेंटर पर प्रशासन की कार्रवाई के बाद उनका एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. प्रशासन ने उस समय नियमों और फायर सेफ्टी से जुड़ी कमियों का हवाला देते हुए कार्रवाई की थी. इसके बाद भी वो लगातार छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखते रहे.

फिलहाल भर्ती परीक्षाओं को लेकर चल रही बहस के बीच विवेक सर का नाम पूरे यूपी में चर्चा का विषय बना हुआ है. यही वजह है कि ईको गार्डन में हुए प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में लोग उनके बारे में जानना चाह रहे हैं और सोशल मीडिया पर भी उनकी खूब चर्चा हो रही है.

लखनऊ में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, विवेक सर बोले- हमारा कॉकरोज जनता पार्टी से कोई संबंध नहीं

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vivek Sir, UP Students Protest, UP Protest News, Lucknow Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com