विज्ञापन

49 में 2 जोड़ने पर 60 होता है...शिक्षा मंत्री के सामने ही खुल गई स्कूलों की पोल, प्रिंसिपल भी गायब

श्रीगंगानगर: शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के दो दिवसीय गंगानगर दौरे के दौरान सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ गई.

49 में 2 जोड़ने पर 60 होता है...शिक्षा मंत्री के सामने ही खुल गई स्कूलों की पोल, प्रिंसिपल भी गायब

श्रीगंगानगर: शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के दो दिवसीय गंगानगर दौरे के दौरान सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ गई. मंत्री ने गांव 3 एच एच स्थित कक्षा 1 से 8 तक के राजकीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर खामियां पाई गईं.

निरीक्षण के दौरान प्रिंसिपल गायब 

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल गिरजा शंकर बिना अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित मिले, जबकि दो अन्य शिक्षक भी बिना अनुमति छुट्टी पर पाए गए. उल्लेखनीय है कि प्रिंसिपल पिछले 9 वर्षों से इसी विद्यालय में पदस्थापित हैं. इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए. 

विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक केवल 32 छात्रों का नामांकन मिला, जबकि गांव की आबादी करीब 700 बताई गई. मंत्री ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी आबादी के बावजूद नामांकन बेहद कम होना चिंताजनक है. वहीं 32 छात्रों पर 6 शिक्षक तैनात होने के बावजूद शिक्षा का स्तर संतोषजनक नहीं मिला. 

साधारण सवाल का गलत जवाब 

आठवीं कक्षा में मात्र 5 छात्र नामांकित पाए गए. मंत्री ने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनके शैक्षणिक स्तर को परखा, जिसमें वे असंतुष्ट नजर आए. एक छात्र द्वारा साधारण जोड़ का गलत जवाब देने पर मंत्री ने शिक्षकों को फटकार लगाते हुए कहा कि जब मूलभूत गणित भी नहीं सिखाया जा रहा, तो शिक्षा की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है. 

मंत्री ने मौके पर मौजूद सीडीईओ अरविंदर सिंह से भी स्कूलों के नियमित निरीक्षण को लेकर सवाल किए. इस पर सीडीईओ ने प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया. 

शौचालयों की स्थिति भी खराब

इसके अलावा मंत्री ने पंचायत समिति सूरतगढ़ के ग्राम पंचायत भगवानगढ़ स्थित 1 डी बी एन डी स्कूल का भी निरीक्षण किया. यहां विद्यालय के उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत होने के बावजूद प्रवेश द्वार पर पुराना माध्यमिक विद्यालय का बोर्ड लगा मिला. शौचालयों की स्थिति भी खराब पाई गई. पानी की व्यवस्था नहीं थी और छात्र-छात्राओं के शौचालय के बोर्ड उल्टे लगे हुए थे.

मंत्री के अचानक निरीक्षण से स्कूल स्टाफ में हड़कंप मच गया. शिक्षकों ने स्वीकार किया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि मंत्री इतने छोटे विद्यालय में भी निरीक्षण करने पहुंचेंगे.

कुल मिलाकर निरीक्षण में सामने आई खामियों ने सरकारी स्कूलों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी, जिस पर मंत्री ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं. 

UP Board 10th, 12th Result 2026 LIVE: खत्म होने वाला है लाखों छात्रों का इंतजार, upmsp.edu.in पर देखें रिजल्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Viral Video Ganganagar, Viral Video Ganganagar School, Ganganagar Schools, Ganganagar Education Minister
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com