Veterinary doctor banane ke lie kya kare : अगर आपको जानवरों से लगाव है और उनकी देखभाल करना अच्छा लगता है, तो वेटनरी फील्ड आपके लिए शानदार करियर ऑप्शन बन सकता है. आज के समय में पालतू जानवरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, वहीं डेयरी और पोल्ट्री सेक्टर भी लगातार आगे बढ़ रहा है. इसके बावजूद देश में वेटनरी डॉक्टरों की कमी देखने को मिलती है. ऐसे में ये फील्ड ना सिर्फ नौकरी के अच्छे मौके देता है, बल्कि एक अलग पहचान बनाने का मौका भी देता है. खास बात ये है कि इस करियर में काम करने के साथ सेटिस्फेक्शन भी मिलती है.
वेटनरी डॉक्टर बनने के लिए कौन सा कोर्स करना होता है
वेटनरी डॉक्टर बनने के लिए BVSc & AH यानी बैचलर ऑफ वेटनरी साइंस एंड एनिमल हसबेंड्री कोर्स करना जरूरी होता है. इसमें जानवरों की बीमारी, सर्जरी, पोषण और डेयरी से जुड़ी पढ़ाई कराई जाती है.
कोर्स कितने साल का होता है
वेटनरी काउन्सिल ऑफ इंडिया के अनुसार ये कोर्स कुल 5.5 साल का होता है. इसमें 4.5 साल की पढ़ाई और 1 साल की इंटर्नशिप शामिल होती है. इंटर्नशिप के दौरान स्टूडेंट्स को हॉस्पिटल, फार्म और क्लीनिक में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग दी जाती है.
एडमिशन प्रोसेस
इस कोर्स में एडमिशन के लिए 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी होना जरूरी है. सामान्य वर्ग के लिए कम से कम 50 प्रतिशत अंक जरूरी माने जाते हैं. ज्यादातर कॉलेजों में दाखिला NEET स्कोर के आधार पर होता है. कुछ राज्यों में अलग काउंसलिंग भी होती है, लेकिन NEET सबसे ज्यादा मान्य तरीका है.
फीस कितनी होती है
सरकारी कॉलेजों में सालाना फीस करीब 10 हजार से 1 लाख रुपए तक होती है. वहीं प्राइवेट कॉलेजों में ये फीस 2 लाख से 8 लाख रुपए सालाना तक जा सकती है. इसलिए सरकारी कॉलेज में एडमिशन के लिए कॉम्पिटिशन ज्यादा होता है.
बेस्ट वेटनरी कॉलेज
देश में कई अच्छे वेटनरी कॉलेज हैं जैसे IVRI इज्जतनगर, NDRI करनाल, TANUVAS चेन्नई, GADVASU लुधियाना, WBUAFS कोलकाता, KVASU केरल, LUVAS हिसार, MAFSU नागपुर, बिरसा एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी रांची और आनंद एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी गुजरात. इन कॉलेजों में एडमिशन NEET के जरिए होता है.
करियर और सैलरी
इस फील्ड में वेटनरी डॉक्टर के अलावा डेयरी, पोल्ट्री, फार्म मैनेजमेंट, रिसर्च, टीचिंग और दवा कंपनियों में भी काम के मौके मिलते हैं. शुरुआत में सैलरी 25 हजार से 50 हजार रुपए महीने तक होती है. अनुभव बढ़ने पर ये 1 लाख या उससे ज्यादा भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें- मेडिकल स्टोर खोलने के लिए कौन सा कोर्स करना होता है, क्या 1 लाइसेंस से चला सकते हैं दो शॉप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं