उत्तर प्रदेश में 4 साल बाद UPTET परीक्षा होने जा रही है. इस एग्जाम को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी लगभग पूरी कर ली है. हाल ही में महाराष्ट्र में टीईटी का पेपर लीक होने से परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था. इसके बाद से यूपी में हो रहे हैं टेट एग्जाम को लेकर प्रशासन ने मल्टी लेयर और लीक प्रूफ सिस्टम तैयार किया है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ( UPESSC) 30 जून यानी कल उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर देगा.
150 करोड़ रुपये हुए जमा
यूपी TET परीक्षा में लगभग 20 लाख लोगों ने आवेदन किया है. जानकारी के अनुसार लगभग 16 लाख प्राथमिक के लिए और लगभग 20 लाख उच्च प्राथमिक के आवेदन है. आयोग ने इस बार आवेदन शुल्क में बढ़ोतरी करके फीस को 2 गुना किया है. इस तरीके से आयोग को करीब डेढ़ सौ करोड़ रुपये आवेदन फीस के रूप में मिले हैं. 20 लाख लोग 950 से ज्यादा केंद्रों पर 2 से 4 जुलाई के बीच दो पालियों में एग्जाम देंगे.

बायोमेट्रिक हाजिरी और रैंडमाइजेशन प्रक्रिया
परीक्षा केंद्रों पर नकल माफिया और मुन्नाभाइयों को रोकने के लिए इस बार अहम सुरक्षा तकनीक का सहारा लिया जा रहा है. हर परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार पर अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाएगा, जिसमें आईरिस स्कैनिंग और लाइव फोटोग्राफी शामिल होगी.
सोशल मीडिया पर की जा रही निगरानी
2 जुलाई से शुरू हो रहे यूपीटेट परीक्षा को लेकर पुलिस विभाग भी अपनी तैयारी लगभग पूरी कर चुका है. JCP Law & Order बबलू कुमार ने बताया कि एग्जाम से जुडी चीजों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार साइबर की टीम निगरानी रख रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं