उत्तर प्रदेश सरकार हाल ही में MBBS और BDS इंटर्न्स के लिए सौगात लेकर आई है. दरअसल, राज्य सरकार ने सरकारी मेडिकल कॉलेजों और मेडिकल यूनिवर्सिटीज में काम करने वाले MBBS और BDS इंटर्न्स का हर महीने मिलने वाला स्टाइपेंड 12,000 से बढ़ाकर 25,000 रुपए कर दिया है. सरकार के इस फैसले से मेडिकल और डेंटल इंटर्न को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस फैसले को मंजूरी दी गई. इस बढ़ोतरी के बाद उत्तर प्रदेश का स्टाइपेंड कई राज्यों के मुकाबले काफी बेहतर हो गया है. हालांकि, देश में अभी भी कुछ ऐसे राज्य हैं जहां मेडिकल इंटर्न को यूपी से ज्यादा स्टाइपेंड मिलता है.
किन राज्यों में सबसे ज्यादा स्टाइपेंड?
2026 के उपलब्ध राज्यवार आंकड़ों के मुताबिक, मेडिकल इंटर्नशिप स्टाइपेंड के मामले में पश्चिम बंगाल सबसे आगे है. यहां MBBS इंटर्न को करीब 44,000 रुपए प्रति महीने मिलते हैं. इसके बाद ओडिशा में करीब 43,000 और असम में 36,000 रुपए का स्टाइपेंड मिलता है. दिल्ली और कर्नाटक में यह अमाउंट करीब 30,000 रुपए, जबकि तेलंगाना में लगभग 29,700 रुपए और तमिलनाडु में 27,300 रुपए है. आइए एक नजर डालते हैं टॉप राज्यों पर -
पश्चिम बंगाल: 44,000 रुपए
ओडिशा: 43,000 रुपए
असम: 36,000 रुपए
दिल्ली: 30,000 रुपए
कर्नाटक: 30,000 रुपए
तेलंगाना: 29,700 रुपए
तमिलनाडु: 27,300 रुपए
बिहार: 27,000 रुपए
उत्तर प्रदेश: 25,000 रुपए
झारखंड: 25,000 रुपए
पंजाब: 22,000 रुपए
गुजरात: 18,200 रुपए
महाराष्ट्र: 18,000 रुपए
राजस्थान: 18,000 रुपए
मध्य प्रदेश: 14,300 रुपए
जम्मू-कश्मीर: 12,300 रुपए
यूपी अब कई राज्यों से आगे
स्टाइपेंड बढ़ने के बाद उत्तर प्रदेश अब पंजाब, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों से आगे निकल गया है. हालांकि, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, दिल्ली, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु और बिहार में अभी यूपी से ज्यादा स्टाइपेंड दिया जा रहा है.
मेडिकल इंटर्न के लिए क्यों अहम है फैसला?
MBBS और BDS की पढ़ाई पूरी करने के बाद इंटर्नशिप मेडिकल ट्रेनिंग का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है. इस दौरान छात्रों को अस्पतालों में मरीजों के इलाज और दूसरे कामों का एक्सपीरियंस मिलता है. स्टाइपेंड बढ़ने से इंटर्न को रोजमर्रा के खर्चों में मदद मिलेगी. उत्तर प्रदेश सरकार का यह फैसला मेडिकल इंटर्न के लिए निश्चित तौर पर बड़ी राहत है.
ये भी पढ़ें - विदेश से MBBS करने वालों को बड़ा झटका, FMGE पासिंग मार्क्स में नहीं मिलेगी कोई छूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं