विज्ञापन

लापरवाही! गलत जानकारी देने पर दो परीक्षा केंद्रों के बीच चक्कर लगाता रहा छात्र, छूटा NEET का एग्जाम

छात्र का सेंटर PM श्री KV क्रमांक-2 था. जांच स्टाफ की गलत जानकारी से छात्र भटक गया. वापस लौटा तब एंट्री का समय खत्म हो गया.

परीक्षा छूटने के बारे में बताता छात्र ध्रुव गौतम.

देश के साथ मध्य प्रदेश में भी कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) (नीट-यूजी) 2026 की परीक्षा संपन्न हो गई. एमपी के 30 जिलों में 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. वहीं, सतना जिले में एक परीक्षा केंद्र पर बड़ी लापरवाही सामने आई, जिसकी वजह से एक छात्र परीक्षा में नहीं बैठ पाया. पीड़ित एसडीएम को शिकायती पत्र भी लिखा है और एनएसयूआई ने कार्रवाई की मांग करते हुए कोर्ट जाने की चेतावनी दी है.

दरअसल, सेमरी गांव से परीक्षा देने आए छात्र ध्रुव गौतम का केंद्र पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 था. उसका कहना है कि जब परीक्षा केंद्र पहुंचा और प्रवेश पत्र तो जांच कर रहे एक व्यक्ति ने उसे गलत जानकारी देते हुए वेंकट क्रमांक-2 विद्यालय भेज दिया. जब वहां पहुंचा तो उसे बताया गया कि उसका केंद्र यहां नहीं है. फिर छात्र दोबारा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 था, लेकिन तब तक प्रवेश के लिए निर्धारित समय खत्म हो चुका था.

दांव पर लगा दिया भविष्य

इस वजह से उसे परीक्षा केंद्र में घुसने के लिए प्रवेश नहीं मिला और उसकी नीट की परीक्षा छूट गई. पीड़ित छात्र ध्रुव गौतम ने कहा कि एक कर्मचारी की गलती से उसका पूरा भविष्य दांव पर लग गया. उसने मामले की शिकायत एसडीएम को सौंप दी है.

वहीं, एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आनंद पांडेय ने घटना को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मामले को न्यायालय तक ले जाया जाएगा. उधर, एसडीएम राहुल सिलाडिया ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है.

सात केंद्रों में हुई परीक्षा

सतना जिले में सात परीक्षा केंद्र पर नीट का एग्जाम हुआ था और लगभग तीन हजार परीक्षार्थी शामिल हुए. परीक्षा केंद्रों पर जिला प्रशासन, पुलिस बल और सीआरपीएफ के जवानों की तैनाती की गई थी. परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक कक्षों में बैठाया गया तथा परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चली.

देशभर के 551 शहरों में आयोजित हुई नीट परीक्षा

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने अनियमितताओं के आरोपों के बीच तीन मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 को रद्द कर दिया था. इसकी पुन: परीक्षा रविवार यानी 21 जून को निर्धारित की गई थी. राजधानी भोपाल के 32 सहित देश भर में 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,440 केंद्र बनाए गए थे.

ये भी पढ़ें- NEET एग्जाम में फर्जीवाड़े का खुलासा! दूसरे की परीक्षा देने आया MBBS छात्र गिरफ्तार

लेखक के बारे में
img
ज्ञान शुक्ला
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NEET Exam, Satna News, MP News, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com