Anti Paper Leak Bill: पेपर लीक को लेकर देशभर में मचे घमासान के बाद अब संसद में इसे लेकर चर्चा हो रही है. एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान कई विपक्षी सांसदों ने अपनी बात रखी और बताया कि कैसे पेपर लीक से देश के युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है. इसी बीच बीजेपी सांसद तेजस्वी सूर्या ने भी पेपर लीक और इससे गरीब बच्चों पर पड़ने वाले असर पर बात की. संसद सत्र के दौरान उन्होंने जो बात कही, वो देश के लाखों छात्रों को जाननी जरूरी है. उन्होंने बताया कि कैसे गरीब छात्रों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं होता है.
क्या बोले तेजस्वी सूर्या?
एंटी पेपर लीक बिल पर बोलते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा, "एक आम परिवार के पास शिक्षा के अलावा कोई दूसरा रास्ता होता ही नहीं है. बाकी जो परिवार होते हैं, जो बच्चे अमीर परिवार से आते हैं, उनके पास कई सारे रास्ते होते हैं. वो अपने पापा के बिजनेस में जा सकते हैं, उनकी लाइफ में ऑप्शन बी, ऑप्शन सी होते हैं. वहीं जो आम परिवार के बच्चे होते हैं, उनके पास ऑप्शन बी या ऑप्शन सी नहीं होता है. ऐसे छात्रों को एग्जाम की तैयारी करनी पड़ती है और शिक्षा के माध्यम से ही उन्हें जीवन में आगे जाना पड़ता है. शिक्षा और एग्जाम एकमात्र देश की ऐसी व्यवस्था है, जहां आपका सरनेम नहीं पूछा जाता है, यहां आपके परिवार की आय नहीं पूछी जाती है, ये नहीं पूछा जाता है कि आप किस जाति से आते हैं."
तेजस्वी सूर्या ने पेपर लीक का जिक्र करते हुए आगे कहा, गरीब छात्रों को उनकी मेहनत के आधार पर मौके मिलते हैं. इसीलिए जब शिक्षा या एग्जाम में धांधली होती है, जब पेपर लीक होते हैं तो ये सिर्फ सिस्टम का एडमिनिस्ट्रेटिव लैप्स नहीं होता है, वो एक विश्वासघात होता है. यही वजह है कि जब नीट का पेपर लीक हुआ तो प्रधानमंत्री ने कहा कि ये एक पाप है.
पेपर लीक पर संसद में हंगामा
पेपर लीक को लेकर संसद में चर्चा के अलावा हंगामा भी खूब हो रहा है. विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं. अखिलेश यादव से लेकर प्रियंका गांधी और बाकी दलों के सदस्यों ने संसद में पेपर लीक को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए.
ये भी पढ़ें - दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में शॉट्स पहनने पर बैन, छात्रों ने बताया मोरल पुलिसिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं