Parliamentary Panel NEET: मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम NEET का पेपर लीक होने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA को लेकर कई तरह के सवाल उठे थे. कई लोगों ने मांग की थी कि एजेंसी में जरूरी बदलाव होने चाहिए, जिसे लेकर अब एक बार फिर संसदीय समिति की बैठक होगी. इस मामले को लेकर संसदीय पैनल 1 जुलाई को सुबह 10:30 बजे बैठक करेगा और इसमें ये चर्चा होगी कि एनटीए में क्या जरूरी बदलाव होने चाहिए. इस बैठक का मुख्य उद्देश्य नीट-यूजी (NEET UG 2026) की दोबारा हुई परीक्षा के तौर-तरीकों की समीक्षा करना है.
कई चीजों पर चर्चा करेगी कमेटी
देश में लगातार राष्ट्रीय स्तर के एंट्रेंस एग्जाम्स के मैनेजमेंट को लेकर सवाल उठ रहे हैं, इस पर ध्यान देने और जरूरी कदम उठाए जाने को लेकर संसदीय समिति की ये बैठक बुलाई गई है. ये कमेटी नीट-यूजी 2026 री-एग्जाम से जुड़े नतीजों, परीक्षा कराने में आई दिक्कतों और प्रशासन के स्तर पर आई चुनौतियों की जांच करेगी. बताया जा रहा है कि एनटीए (NTA) के डायरेक्टर जनरल अभिषेक सिंह परीक्षा की पूरी प्रक्रिया और इसके लिए उठाए गए कदमों की जानकारी कमेटी के सामने रखेंगे.
इस बैठक में ISRO के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन भी राष्ट्रीय परीक्षा प्रणालियों के ढांचे को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए जरूरी सुधारों पर अपने सुझाव देंगे. बैठक में अधिकारी शिक्षा के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती भूमिका पर भी चर्चा करेंगे. साथ ही, इस बात पर भी विचार किया जाएगा कि पढ़ाई के तरीकों को नया रूप देकर और युवाओं को समय के अनुसार स्किल्स सिखाकर रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जाएं.
संसदीय समिति पहले भी पूछ चुकी है कड़े सवाल
नीट पेपर लीक मामले में एनटीए पहली बार संसदीय समिति को जवाब नहीं देने जा रहा है, इससे पहले भी समिति ने पेपर लीक के बाद एजेंसी से कई कड़े सवाल पूछे थे. समिति ने पिछले तीन साल में हुई एनटीए में हुई भर्तियों और एनुअल रिपोर्ट का डेटा भी मांगा था. अब एक बार फिर नीट री-एग्जाम के बाद एनटीए कमेटी के सामने होगा. माना जा रहा है कि इस रिव्यू मीटिंग में एनटीए की तरफ से उन तमाम बदलावों की जानकारी दी जा सकती है, जिन्हें पेपर लीक के बाद एजेंसी ने किया.
ये भी पढ़ें - भारत के युवाओं के भविष्य पर पेपर लीक का ग्रहण, बड़े अधिकारियों पर नहीं जांच की आंच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं