पेपर लीक के बाद विवादों के बाद अब दोबारा से NEET-UG 2026 की परीक्षा आज करवाई जा रही है. पहली बार परीक्षा की जिम्मेदारी सेना के पास है. जहां एयरफोर्स ने पेपर पहुंचाए हैं. नीट री-एग्जाम में 23 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं. परीक्षा की सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर सबसे ज्यादा सख्ती बरती जा रही है. ऐसे में दोबारा होने वाली परीक्षा में कई बदलाव हुए हैं. परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग AI से करवाई जा रही है. जबकि केंद्रों पर जेमर भी लगाए गए हैं. इसके अलावा कड़ी चेकिंग के बाद ही अंदर एंट्री दी जाएगी. पटना से लेकर नोएडा तक सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं.
2 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
देशभर के अलग-अलग शहरों में बने परीक्षा केंद्रों पर 2 लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. जबकि 6,669 ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं, वहीं 674 सिटी कोऑर्डिनेटर आज के परीक्षा के लिए बनाए गए हैं. पेपर लीक न हो इसके लिए भारतीय वायुसेना के विमान और हेलिकॉप्टरों से शहरों में पेपर पहुंचाए गए हैं. इससे पहले नीट की परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी. लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद परीक्षा को 12 मई 2026 को निरस्त कर दिया गया था. जबकि पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी. उसके बाद दोबारा से परीक्षा आयोजित करवाए जाने का ऐलान हुआ था.
देशभर में आज NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा, करीब 23 लाख छात्र परीक्षा में शामिल, 564 शहरों में 5400 से ज्यादा सेंटर#NEETUG2026 | @ranjanasingh95 | @ravishranjanshu | @journal_raman pic.twitter.com/bkUUGdWFZZ
— NDTV India (@ndtvindia) June 21, 2026
नीट परीक्षा के नियमों में बदलाव
नीट परीक्षा के नियमों में बदलाव किया गया है. परीक्षा का समय इस बार 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है. परीक्षा का समय दोपहर में 2 बजे से लेकर 5 बजकर 15 मिनट का समय निर्धारित किया गया है. परीक्षा 3 घंटे 15 मिनट तक चलेगी. NEET-UG री-एग्जाम से पहले छात्रों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने के लिए भी कहा गया है. इसके अलावा NTA की तरफ से सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है. अगर किसी तरह की गड़बड़ी मिलती है तो तुरंत एक्शन लिया जाएगा. वहीं छात्रों को सेंटर पर एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और 2 फोटो लेकर समय से पहुंचने के लिए कहा गया है. जबकि बच्चों के अभिभावकों के लिए भी बाहर बैठने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.
परीक्षा केंद्रों के पास धारा 163 लागू
परीक्षा केंद्रों के पास धारा 163 लागू की गई है. जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें भी यहां तैनात की गई हैं. सुरक्षा की व्यवस्था पूरी तरह से चाक चौबंद नजर आ रही है. परीक्षा केंद्रों की कमान पुलिस के सीनियर अधिकारियों को सौंपी गई है. जो लगातार परीक्षा केंद्रों का ऑन-ग्राउंड मुआयना और पेट्रोलिंग कर रहे हैं. नीट री एग्जाम पूरी तरह पारदर्शी और शांति के साथ हो इसके लिए सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है. जो भी यहां आ रहा है उसकी थर्मल और बायोमेट्रिक चेकिंग की जा रही है. परीक्षा केंद्रों के ठीक बाहर पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल की टीमें भी तैनात की गई हैं.
स्पेशल हेल्प डेस्क बनाए गए हैं
नीट री एग्जाम वाले सभी शहरों में स्पेशल हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं. ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटा जा सकेगा. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, पटना, नोएडा समेत सभी शहरों में स्पेशल हेल्प डेस्क बने हैं. ताकि किसी को सेंटर ढूंढने में परेशानी न हो. वहीं इससे पहले मॉक ड्रिल के जरिए तैयारियों का परीक्षण कर लिया गया था. इस बार परीक्षा में किसी तरह की गलती की कोई गुंजाइश न रह जाए. इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है.
ये भी पढ़ेंः NEET UG Re-Exam 2026 धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों को दीं शुभकामनाएं, कहा- बिना चिंता के परीक्षा में बैठें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं